मशहूर कथावाचक इंद्रेश उपाध्याय शुक्रवार (5 दिसंबर) को वैवाहिक बंधन में बंध गए. उन्होंने जयपुर के ताज आमेर होटल में आयोजित भव्य समारोह में हरियाणा की शिप्रा शर्मा के साथ सात फेरे लिए. शिप्रा एक सेवानिवृत्त अधिकारी की बेटी हैं. यह विवाह समारोह पूरी तरह से आध्यात्मिक और सात्विक माहौल में संपन्न हुआ.
गौ माता की पूजा कर आशीर्वाद लिया
शादी का मंडप विशेष रूप से तिरुपति बालाजी के मंदिर की थीम पर तैयार किया गया था. विवाह की रस्में जयपुर की मारवाड़ी और मथुरा की ब्रज परंपरा से निभाई गईं. इस दौरान दूल्हा-दुल्हन ने एक अनूठी रस्म निभाते हुए, फेरे लेने से पहले मंडप में रखी गौ माता की पूजा कर उनका आशीर्वाद लिया.
इंद्रेश उपाध्याय ने खुद गाया भजन
देश के विभिन्न धार्मिक शहरों से आए 101 वैदिक ब्राह्मणों ने वेद मंत्रों का पाठ कर नवदंपति के सफल वैवाहिक जीवन की कामना की. विवाह समारोह में डीजे पर फिल्मी गीतों के बजाय सिर्फ भजन बजाए गए. विवाह की रस्म के दौरान दूल्हे इंद्रेश उपाध्याय ने स्वयं भजन गाकर सुनाया. कई भक्त भक्ति भाव में मगन होकर झूमते-नाचते नजर आए. दूल्हे इंद्रेश उपाध्याय क्रीम कलर की शेरवानी, उस पर लाल चुनरी और हाथ में चांदी की छड़ी लेकर मंडप में पहुंचे थे. दुल्हन शिप्रा गोल्डन कलर की साड़ी में थीं. विवाह की पूरी रस्म लगभग 3 घंटे तक चली.
पंडित धीरेंद्र शास्त्री भी हुए शामिल
इंद्रेश उपाध्याय की शादी में बड़ी संख्या में संत-महात्मा, कथावाचक, कलाकार और खास मेहमान शामिल हुए. इनमें बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री (जो मंत्रोच्चारण के समय दूल्हे के ठीक पीछे बैठे थे). कवि और कथावाचक डॉ. कुमार विश्वास, साध्वी ऋतंभरा, संत पुंडरीक जी महाराज, बॉलीवुड गायक बी प्राक, भजन गायिका मान्या अरोड़ा. विवाह समारोह में शामिल होने के बाद डॉ. कुमार विश्वास, साध्वी ऋतंभरा और भजन गायिका मान्या अरोड़ा ने मीडिया से बात करते हुए वर-वधू को अपनी शुभकामनाएं दीं.
हल्दी रस्म में बी प्राक ने गाया भजन
विवाह से एक दिन पहले, हल्दी और मेहंदी की रस्म अदा की गई थी. इस दौरान दुल्हन शिप्रा ने अपने हाथों से इंद्रेश उपाध्याय की हथेली पर मेहंदी रचाई थी. मेहंदी और हल्दी की रस्म में बॉलीवुड सिंगर बी प्राक ने गीत और मान्या अरोड़ा ने भजन पेश किए थे. विवाह का रिसेप्शन शाम को उसी होटल में आयोजित किया गया है. सूत्रों के अनुसार, शाम को होने वाले इस रिसेप्शन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और गोरक्ष पीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ के भी आने की उम्मीद है. सुरक्षा के कड़े इंतजाम के बीच यह समारोह संपन्न हुआ, जिसके लिए 100 के करीब बाउंसर्स के साथ 50 सिक्योरिटी गार्ड्स भी तैनात किए गए थे.










