Last Updated:
आमिर खान की लव स्टोरी किसी फिल्म की कहानी से कम नहीं हैं. वे दो शादियों के बाद रिलेशनशिप में आए. उन्होंने अपने 60वें बर्थडे पर अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के बारे में बताया था, जिनके साथ वह पिछले कुछ सालों से जुड़े हुए हैं. उन्होंने अब अपनी जिंदगी में गौरी स्प्रैट और अपनी पूर्व पत्नियों की मौजूदगी पर आभार जताया.
नई दिल्ली: बॉलीवुड के सुपरस्टार आमिर खान प्यार के मामले में लकी रहे हैं, हालांकि उनकी शादीशुदा जिंदगी उतार-चढ़ाव से भरी रही. रीना दत्त से तलाक के बाद उनकी जिंदगी में किरण राव आईं. दोनों पत्नियों से तलाक के बाद आमिर खान की जिंदगी में गौरी स्प्रैट की एंट्री हुई. उन्होंने अपने 60वें जन्मदिन पर बताया था कि वह दो साल से ज्यादा समय से गौरी स्प्रैट के साथ रिलेशनशिप में हैं. आमिर खान ने अब अपनी लव लाइफ के साथ-साथ पर्व पत्नियों पर खुलकर बात की.
आमिर खान ने हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में अपनी पूर्व पत्नियों के साथ रिश्ते पर कहा, ‘यह दिखाता है कि हम अच्छे इंसान हैं. रीना एक शानदार इंसान हैं. हम पति-पत्नी के तौर पर अलग हो गए, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हम इंसान के तौर पर अलग हो गए. मेरे दिल में उनके लिए बहुत प्यार और सम्मान है. मैं उनके साथ बड़ा हुआ हूं, वह एक बेहतरीन इंसान हैं. जब हम अलग हुए, तो इंसान के तौर पर अलग नहीं हुए. यही बात किरण के साथ भी है. वह भी एक शानदार इंसान हैं और हमने पति-पत्नी के तौर पर अलग होने का फैसला किया, लेकिन हम परिवार हैं. रीना, उनके माता-पिता, किरण और उनके माता-पिता और मेरे माता-पिता, हम सब एक ही परिवार हैं.’
गर्लफ्रेंड के गिनाए गुण
जब आमिर से पूछा गया कि क्या उन्होंने सोचा था कि 60 की उम्र में उन्हें प्यार मिलेगा? उन्होंने कहा, ‘नहीं मैंने नहीं सोचा था. मैं उस मुकाम पर पहुंच गया था जहां मुझे लगा था कि शायद मुझे कभी कोई ऐसा पार्टनर नहीं मिलेगा. मुझे इसकी उम्मीद नहीं थी. वह बहुत सुकून और स्टेबिलिटी लाती हैं. वह वाकई में शानदार इंसान हैं और मैं बहुत खुशकिस्मत हूं कि उनसे मिला. मैं बहुत खुशकिस्मत हूं कि मेरी शादियां भले ही नहीं चलीं, लेकिन रीना, किरण और अब गौरी से मिलकर मैं बहुत खुश हूं. उन्होंने इंसान के तौर पर बहुत बड़ा योगदान दिया है और मैं कई मामलों में उन्हें अपना आदर्श मानता हूं.’
‘महाभारत प्रोजेक्ट’ को बताया था यज्ञ
आमिर के काम की बात करें, तो उन्होंने अपने लंबे समय से चर्चित ‘महाभारत प्रोजेक्ट’ को लेकर फैंस को बड़ा अपडेट दिया. उन्होंने बताया कि इस महाकाव्य को पर्दे पर लाने का उनका सफर दशकों से चल रहा है. उनके लिए यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक और रचनात्मक कोशिश है, जिसे वह अपने जीवन का सबसे अहम प्रोजेक्ट मानते हैं. आमिर ने हाल में ‘गेम चेंजर्स विद कोमल नाहटा’ में बताया कि प्रोजेक्ट की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और अगले दो महीनों में स्क्रिप्टिंग शुरू होने की उम्मीद है. उन्होंने प्रोजेक्ट के बड़े स्तर के बारे में भी बात की और इसे एक ‘यज्ञ’ बताया.
About the Author

अभिषेक नागर News 18 Digital में Senior Sub Editor के पद पर काम कर रहे हैं. वे News 18 Digital की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. वे बीते 6 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे News 18 Digital से पहल…और पढ़ें
![]()










