शाहजहांपुर में छात्रा से छेड़खानी के मामले में रोजा थाने की पुलिस टीम ने स्कूल के प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार की दोपहर पुलिस ने प्रबंधक को न्यायालय में पेश किया। इसके बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
सोमवार को रोजा थाने पहुंची एक गांव की नाबालिग छात्रा ने पिलखना के जेडी मेमोरियल पब्लिक स्कूल के प्रबंधक मुकेश प्रजापति पर छेड़खानी का आरोप लगाया था। प्रबंधक की उम्र 50 वर्ष से ऊपर है। छात्रा ने दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया था कि वह कक्षा नौ में पढ़ती है। 13 दिसंबर की दिन में डेढ़ बजे सहेली के साथ स्कूल में थी।
यह भी पढ़ें- UP News: बरेली में एक जनवरी से अब तक 80 एनकाउंटर, एक डकैत ढेर… 99 आरोपी हुए घायल
इस दौरान स्कूल के प्रबंधक मुकेश प्रजापति ने उसे सहेली के साथ कार्यालय में बुलाया और गेट व खिड़की बंद कर दी। आरोप है कि प्रबंधक ने उसके साथ छेड़खानी की। तभी शोर मचाने पर सहेली ने दौड़कर गेट खोल दिया। घर जाकर परिजनों को पूरी बात बताई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली।
पुलिस ने प्राथमिकी में पाक्सो एक्ट की वृद्धि की। मंगलवार दोपहर मुखबिर की सूचना पर गांव के बाहर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि आरोपी मुकेश प्रजापति को जेल भेज दिया गया है।











