सोनभद्र/एबीएन न्यूज। प्रदेश के सोनभद्र जनपद में औद्योगिक विकास ने नई गति पकड़ ली है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित डबल इंजन सरकार के 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में जनपद सोनभद्र मजबूत भागीदारी निभा रहा है। बीते कुछ वर्षों में जिले में ऐसा सकारात्मक औद्योगिक माहौल तैयार हुआ है, जिससे देश-विदेश के निवेशकों का भरोसा लगातार बढ़ता जा रहा है।
अब तक जनपद सोनभद्र में 85 निवेशकों द्वारा कुल 2,06,008 करोड़ रुपये के निवेश के लिए एमओयू (मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग) पर हस्ताक्षर किए जा चुके हैं। इन निवेशकों में गुजरात, महाराष्ट्र और तेलंगाना जैसे प्रमुख औद्योगिक राज्यों के निवेशक भी शामिल हैं। यह जिले की बढ़ती औद्योगिक साख और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था का स्पष्ट प्रमाण है।
इन निवेश प्रस्तावों का असर अब धरातल पर भी दिखाई देने लगा है। 54 औद्योगिक इकाइयों ने ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में भाग लिया, जबकि 38 इकाइयों ने अपना वाणिज्यिक उत्पादन शुरू कर दिया है। इन इकाइयों में कुल 5,285 करोड़ रुपये का निवेश हुआ है, जिससे जिले में 3,563 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है, वहीं अप्रत्यक्ष रूप से हजारों लोगों को रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं।
जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने बताया कि निवेशकों को सुगम और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम को प्रभावी ढंग से लागू किया गया है। इससे एनओसी, अनुमतियों और प्रोत्साहनों की प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और समयबद्ध हुई है। यही कारण है कि निवेश मित्र पोर्टल पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए जनपद सोनभद्र को प्रदेश में 12वां स्थान प्राप्त हुआ है।
जिले में औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विकास किया जा रहा है, जिससे बड़े और दीर्घकालिक निवेश आकर्षित हो रहे हैं। विशेष रूप से ऊर्जा क्षेत्र में सोनभद्र बड़ी छलांग लगा रहा है। ग्रीनको ग्रुप द्वारा 17,181 करोड़, टोरेन्ट पावर द्वारा 13,200 करोड़ और 9,600 करोड़, जेएसडब्ल्यू द्वारा 8,000 करोड़, अदानी ग्रुप द्वारा 7,464 करोड़ तथा सौर ऊर्जा के क्षेत्र में एम प्लस तुम्भद्रा द्वारा 200 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है।
सरकारी क्षेत्र में एनटीपीसी के माध्यम से शक्तिनगर स्टेज-3 में 14,400 करोड़, ओबरा सी में 13,005 करोड़, ओबरा डी में 17,985 करोड़ और अनपरा ई में 18,625 करोड़ रुपये के बड़े निवेश प्रस्तावित हैं। वर्तमान में उत्पादन में संचालित प्रमुख इकाइयों में ओबरा सी, काशी विश्वनाथ डेयरी, वल्यू ब्रूइंग कंपनी, अनन्या फूड किंग और ज्योति राइस मिल शामिल हैं।
जिला प्रशासन का मानना है कि इन्वेस्ट यूपी की सुदृढ़ और पारदर्शी प्रणाली के चलते सोनभद्र निवेशकों की पहली पसंद बनता जा रहा है। आने वाले समय में यह जिला उत्तर प्रदेश के औद्योगिक मानचित्र पर ऊर्जा, कृषि और भंडारण क्षेत्र के मजबूत केंद्र के रूप में स्थापित होगा। जीबीसी-5 के तहत जनपद को 20 हजार करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसे जिलाधिकारी के निर्देशन में सभी विभागों के समन्वय से हासिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
![]()












