सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद सोनभद्र में प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के अंतर्गत ग्रांट-इन घटक के तहत बुटीक प्रशिक्षण कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन माननीय श्री विश्वनाथ, उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश सरकार एवं अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम, लखनऊ तथा श्री ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया, जिला समाज कल्याण अधिकारी, सोनभद्र द्वारा एसएमएआईटी कैंपस, धर्मशाला रोड, रॉबर्ट्सगंज में दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि माननीय श्री विश्वनाथ ने अनुसूचित जाति वर्ग के उत्थान के लिए सरकार द्वारा संचालित पीएम अजय (प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय) महत्वाकांक्षी योजना की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह योजना समाज के कमजोर वर्गों को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने प्रशिक्षण के लिए चयनित सभी लाभार्थियों को आत्मनिर्भर बनने और प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी, सोनभद्र ने पीएम अजय योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण के दौरान लाभार्थियों को सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक दोनों प्रकार का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत प्रतिभागियों को सरकारी प्रमाण पत्र दिया जाएगा, साथ ही स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए 50,000 रुपये की अनुदान धनराशि भी उपलब्ध कराई जाएगी, जो उनके आर्थिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में श्री उदयभान, निजी सचिव माननीय उपाध्यक्ष उत्तर प्रदेश सरकार अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम, लखनऊ तथा सुश्री अपर्णा, सहायक प्रबंधक द्वारा विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारियां साझा की गईं। इसके अतिरिक्त अभिषेक शुक्ल, सहायक लेखाकार, सनी प्रसाद, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम, सोनभद्र भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान श्री रामचंद्र, जिला समन्वयक एएफसी इंडिया लिमिटेड ने बताया कि यह प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क होगा, जिसमें मास्टर ट्रेनर द्वारा तकनीकी, सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण समाप्ति के बाद प्रमाण पत्र और अनुदान राशि प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम में सादिक अंसारी, अखिलेश कुमार, शाहीन, विवेक मिश्रा, रुखसाना सहित अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
![]()












