Last Updated:
कैटरीना कैफ ने क्रिसमस के मौके पर सोशल मीडिया पर वापसी की. मां बनने के डेढ़ महीने बाद एक्ट्रेस ने अपनी पहली फोटो शेयर कर फैंस को खुश कर दिया. इस फोटो में वो अपने पति विक्की कौशल और देवर सनी कौशल के साथ धूमधाम से क्रिसमस मनाते दिख रही हैं. एक्ट्रेस की फोटोज पर कमेंट कर फैंस ने बेटे की झलक दिखाने की मांग की है.
नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्ट्रेस कैटरीना कैफ ने 7 नवंबर को पति विक्की कौशल के साथ अपने पहले बच्चे का स्वागत किया. मां बनने के बाद से ही कैटरीना पूरी तरह से पब्लिक और सोशल मीडिया की नजरों से दूर थीं. उन्होंने न तो अपनी कोई तस्वीर शेयर की और न ही अपने बेटे की झलक फैंस को दिखाई. ऐसे में फैंस लंबे समय से उनकी एक झलक पाने का इंतजार कर रहे थे, जो अब क्रिसमस के मौके पर खत्म हो गया है.
बीते गुरुवार को क्रिसमस सेलिब्रेशन के दौरान कैटरीना कैफ ने इंस्टाग्राम पर अपनी पहली पोस्ट शेयर की. इस तस्वीर में एक्ट्रेस अपने परिवार के साथ जश्न मनाती नजर आ रही हैं. फोटो में कैटरीना के चेहरे पर मां बनने के बाद की खुशी साफ झलक रही है. सादगी और मुस्कान के साथ नजर आ रहीं कैटरीना को देखकर फैंस भी बेहद खुश हो गए.
कैटरीना ने पति और देवर संग मनाया क्रिसमस
इंस्टाग्राम पर शेयर की गई इस फोटो में कैटरीना कैफ अपने पति विक्की कौशल, देवर सनी कौशल और सेबेस्टियन के साथ दिखाई दे रही हैं. यह एक खुशहाल फैमिली सेल्फी है, जिसे विक्की कौशल ने क्लिक किया है. फोटो में जहां विक्की और सनी फनी एक्सप्रेशन देते नजर आ रहे हैं, वहीं कैटरीना और सेबेस्टियन की मुस्कान दिल जीत रही है.
कैटरीना कैफ पर फैंस ने लुटाया प्यार
इस तस्वीर के साथ कैटरीना कैफ ने कैप्शन में लिखा, ‘सभी को प्यार, खुशी और शांति… यह है एक बहुत ही खुशहाल क्रिसमस!’. इस एक लाइन ने ही फैंस का दिल जीत लिया.कैटरीना कैफ का यह पोस्ट उनके चाहने वालों के लिए किसी क्रिसमस गिफ्ट से कम नहीं था.
मां बनने के करीब डेढ़ महीने बाद एक्ट्रेस ने जैसे ही सोशल मीडिया पर वापसी की, वैसे ही उनका कमेंट सेक्शन शुभकामनाओं से भर गया. हजारों फैंस ने उन्हें मां बनने की बधाई दी और उनके खुशहाल जीवन की कामना की. एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, ‘आखिरकार आप इंस्टाग्राम पर वापस आ गईं, हमने आपको बहुत मिस किया कैटरीना.” वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, “हमारा लिटिल बॉय कहां है?’ इसके अलावा कई फैंस और सोशल मीडिया यूजर्स ने कैटरीना से उनके बेटे की फोटो शेयर करने की गुजारिश भी की.
हालांकि, कैटरीना ने अब तक अपने बेटे की कोई झलक साझा नहीं की है, लेकिन उनकी यह पहली पोस्ट ही फैंस के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए काफी रही. फिलहाल, कैटरीना कैफ अपने मातृत्व के इस खूबसूरत सफर का आनंद ले रही हैं और फैंस उनकी अगली झलक का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
About the Author

प्रांजुल सिंह 3.5 साल से न्यूज18 हिंदी से जुड़ी हुई हैं. उन्होंने Manorama School Of Communication (MASCOM) से जर्नलिज्म और मास कम्यूनिकेशन में डिप्लोमा किया है. वो 2.5 साल से एंटरटेनमेंट डेस्क पर काम कर रही है…और पढ़ें
![]()










