बंगाली सिनेमा और टेलीविजन की दुनिया में पर्णो मित्रा कोई नया नाम नहीं हैं। अपनी सादगी, मजबूत अभिनय और अलग तरह के किरदारों के लिए पहचानी जाने वाली पर्णो ने छोटे पर्दे से लेकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्मों तक अपनी खास पहचान बनाई है। हाल ही में वह एक बार फिर चर्चा में हैं। अभिनेत्री ने भारतीय जनता पार्टी को अलविदा कहकर एक बार फिर तृणमूल कांग्रेस (TMC) का दामन थाम लिया है। हालांकि यहां हम उनके राजनीतिक सफर नहीं, बल्कि उनके अभिनय करियर और जीवन की कहानी पर नजर डालते हैं।
जन्म और शुरुआती जीवन
पर्णो मित्रा का जन्म 31 अक्टूबर 1985 को कोलकाता, पश्चिम बंगाल में हुआ था। उनके पिता की नौकरी अरुणाचल प्रदेश में थी, जिस वजह से पर्णो का बचपन का बड़ा हिस्सा वहीं बीता। पढ़ाई के लिए उन्होंने डॉव हिल स्कूल, कुर्सियांग (दार्जिलिंग) और बाद में प्रैट मेमोरियल स्कूल, कोलकाता में शिक्षा हासिल की। बचपन से ही उन्हें कला और अभिनय में दिलचस्पी थी।
टीवी से मिली पहचान
पर्णो ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 2007 में लोकप्रिय बंगाली टीवी सीरियल ‘खेला’ से की। इस धारावाहिक में उनके किरदार को दर्शकों ने खूब पसंद किया और यहीं से उन्हें पहचान मिलनी शुरू हुई। इसके बाद वह ‘मोहोना’, ‘शोमॉय’, ‘बौ कथा काओ’ जैसे सीरियल्स में नजर आईं। खास बात यह रही कि ‘मोहोना’ में उनके अभिनय के लिए उन्हें बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड भी मिला।
यह खबर भी पढ़ें: शिल्पा शेट्टी की फेक तस्वीरों पर हाईकोर्ट सख्त, एआई से बने आपत्तिजनक कंटेंट को हटाने का आदेश
फिल्मों में बड़ा ब्रेक
पर्णो मित्रा के करियर का टर्निंग पॉइंट साल 2011 में आया, जब वह निर्देशक अंजन दत्त की फिल्म ‘रंजना आमी आर आशबो ना’ में नजर आईं। इस फिल्म ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर सराहना बटोरी, बल्कि इसे तीन राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिले। पर्णो के किरदार ‘रंजना’ ने उन्हें बंगाली सिनेमा की मजबूत अभिनेत्रियों की कतार में ला खड़ा किया।
इसके बाद उन्होंने ‘बेडरूम’, ‘आमी आर आमार गर्लफ्रेंड्स’, ‘एकला आकाश’, ‘ग्लैमर’, ‘राजकाहिनी’ जैसी कई चर्चित फिल्मों में काम किया। खास बात यह रही कि उन्होंने कमर्शियल के साथ-साथ कंटेंट-ड्रिवन फिल्मों को भी चुना।
इरफान खान के साथ अंतरराष्ट्रीय फिल्म
पर्णो मित्रा को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली साल 2017 में आई इंडो-बांग्लादेशी फिल्म ‘डूब’ से। इस फिल्म में उन्होंने दिवंगत अभिनेता इरफान खान के साथ काम किया। फिल्म का निर्देशन मोस्तफा सरवर फारूकी ने किया था और इसमें रिश्तों, प्यार और अकेलेपन जैसे गहरे विषयों को दिखाया गया। पर्णो के अभिनय को इस फिल्म में भी काफी सराहा गया।
आज भी एक्टिव हैं पर्णो
पर्णो मित्रा सिर्फ फिल्मों और टीवी तक सीमित नहीं रहीं। उन्होंने वेब सीरीज और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी काम किया है। हाल के वर्षों में वह नए जमाने के कंटेंट और अलग तरह के किरदारों को लेकर प्रयोग करती नजर आई हैं। यही वजह है कि वह आज भी बंगाली एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में एक प्रासंगिक और सम्मानित चेहरा बनी हुई हैं।











