पूर्व सांसद भाजपा नेता नरेश अग्रवाल के लोकसभा सीट अनारक्षित होने पर भाजपा से चुनाव लड़ने का बयान वायरल होते ही सांसद जय प्रकाश ने पलटवार किया है। बयान जारी कर सांसद जय प्रकाश ने कहा कि अगर सीट अनारक्षित भी होती है तो भी वह भाजपा से चुनाव लड़ेंगे। दावा किया कि उनके पिता सामान्य सीट से छह बार विधायक रहे और पत्नी अनारक्षित सीट से जिला पंचायत की अध्यक्ष दो बार रहीं।
सांसद जय प्रकाश ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि आगामी परिसीमन के बाद अगर हरदोई लोकसभा सीट सामान्य हो जाती है तो भी वह यहां से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि उनका सौभाग्य होगा कि इस सीट से चुनाव लड़ें। कहा कि पिता जगन्नाथ प्रसाद लगातार छह बार लखीमपुर खीरी की एक विधानसभा सीट से विधायक रहे। कहा कि मेरी पत्नी ज्योती रावत उन्नाव की जिला पंचायत अध्यक्ष दो बार रहीं। दोनों बार सामान्य सीट पर ही उनका निर्वाचन हुआ। सांसद जय प्रकाश ने दावा किया कि परिसीमन और आरक्षण बदलने पर भी वह अपनी परंपरागत सीट से लड़ेंगे। दावा किया कि भाजपा के समर्पित, निष्ठावान और जुझारू कार्यकर्ताओं की बदौलत चुनाव जीतेंगे भी।