बरेली के ब्रह्मपुरी स्थित नृसिंह मंदिर से सोमवार को 166वीं बार राम बरात निकाली गई। सविधि पूजन के बाद रथ पर सवार होकर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण व हनुमान के स्वरूप नगर भ्रमण के लिए निकले तो श्रद्धालुओं ने फूल बरसाकर अगवानी की। श्रीराम के जयकारों के बीच हुरियारों की मोर्चाबंदी, रंगों की बारिश के बीच उड़ता गुलाल देख ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो स्वयं ऋतुराज भगवान श्रीराम के अभिनंदन के लिए आतुर हों। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने राम बरात की आरती उतारी और आशीर्वाद लिया।
श्रीराम लीला सभा ब्रह्मपुरी की ओर से निकाली गई इस शोभायात्रा में भक्तों का उल्लास चरम पर रहा। नृसिंह मंदिर से शुरू हुई शोभायात्रा मलूकपुर चौराहा, बिहारीपुर ढाल, कुतुबखाना, घंटाघर, नावल्टी चौराहा, बरेली कॉलेज गेट, कालीबाड़ी, श्यामगंज चौराहा, साहू गोपीनाथ, मठ की चौकी, शिवाजी मार्ग, बड़ा बाजार, किला चौराहा, सिटी सब्जी मंडी, मलूकपुर चौराहा होते हुए शाम छह बजे नृसिंह मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। जिला अस्पताल के पास डीजे की धुन पर हुरियारों ने जमकर धमाल मचाया।
![]()










