हर साल 1 फरवरी को जब देश की नजरें आम बजट पर टिकी होती हैं, तब संसद भवन में पेश होने वाले आंकड़ों के साथ-साथ एक और चीज भी चर्चा का विषय बन जाती है—वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का अंदाज़। बजट भाषण से पहले ही उनके पहनावे को लेकर लोगों में उत्सुकता बनने लगती है और जैसे ही वह संसद पहुंचती हैं, उनकी साड़ी खास ध्यान खींच लेती है।
निर्मला सीतारमण की पहचान सिर्फ एक सशक्त वित्त मंत्री के रूप में ही नहीं, बल्कि भारतीय परंपरा और सादगी को मंच देने वाली नेता के रूप में भी बन चुकी है। वह अक्सर हैंडलूम साड़ियों को चुनती हैं, जिसके जरिए भारतीय हथकरघा, कारीगरों और पारंपरिक शिल्प को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलती है। मोदी सरकार के तीनों कार्यकाल में अब तक पेश किए गए आठ बजटों के दौरान उन्होंने अलग-अलग रंगों, डिज़ाइनों और क्षेत्रीय कारीगरी वाली साड़ियों को अपनाया है।
इस साल बजट के दिन भी उनका लुक परंपरा और गंभीरता का संतुलित उदाहरण नजर आया। उन्होंने गहरे बैंगनी रंग की साड़ी पहनी थी, जिस पर बेहद सूक्ष्म और सादा बॉर्डर दिखाई देता है। बॉर्डर में सुनहरे और गहरे रंगों का संयोजन इसे औपचारिक और शालीन लुक देता है। पल्लू को साधारण तरीके से ओढ़ा गया था और इसके साथ गहरे रंग का शॉल पहनावा और भी संतुलित बनाता दिखा।
![]()











