लखनऊ/एबीएन न्यूज। माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया गया है। इसी क्रम में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने प्रयाग जंक्शन रेलवे स्टेशन का विस्तृत एवं गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य माघ मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम रेल यात्रा सुनिश्चित करना रहा।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया का जायजा लेते हुए यात्री आवागमन, वाहनों की आवाजाही और भीड़ प्रबंधन की स्थिति का अवलोकन किया। इसके साथ ही टिकट काउंटरों पर व्यवस्था, एम-यूटीएस (M-UTS) के माध्यम से डिजिटल टिकटिंग की प्रगति, श्रद्धालुओं की कतारबद्ध आवाजाही तथा होल्डिंग एरिया में की गई व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।

निरीक्षण में डिजिटल लॉकर सुविधा, यात्री सूचना प्रणाली, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता, शौचालयों की स्थिति, दिव्यांगजनों के लिए बनाए गए विशेष प्रावधानों, प्लेटफॉर्म एवं फुट ओवर ब्रिज पर भीड़ नियंत्रण, तथा सुरक्षा और संरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी सुविधाएं हर समय क्रियाशील रहें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

इसके अतिरिक्त वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर के माध्यम से प्रयाग जंक्शन एवं प्रयाग–फाफामऊ रेलवे स्टेशन की रियल-टाइम निगरानी की। इस दौरान भीड़ प्रबंधन, ट्रेन परिचालन की स्थिति और यात्रियों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की गई। संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने, सतर्कता बरतने और निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के उपरांत वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने बताया कि माघ मेला अवधि में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा उत्तर रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी व्यवस्थाएं 24×7 निगरानी में संचालित की जा रही हैं, ताकि यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और वे सुरक्षित व सुगम यात्रा का अनुभव कर सकें।
![]()












