लखनऊ/एबीएन न्यूज। यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और सुगम रेल यात्रा का अनुभव उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे द्वारा विकसित RailOne ऐप तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। यह एक आधिकारिक मोबाइल एप्लिकेशन है, जिसके माध्यम से यात्री डिजिटल तरीके से रेल टिकट बुक कर सकते हैं और टिकट काउंटरों पर लगने वाली लंबी कतारों से बच सकते हैं। विशेष रूप से माघ मेला–2026 के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा RailOne ऐप के अधिकतम उपयोग की अपील की गई है।
RailOne ऐप के माध्यम से यात्री अनारक्षित (Unreserved) टिकट अपने मोबाइल फोन से ही आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए स्टेशन पर लाइन में लगने की आवश्यकता नहीं होती, जिससे समय की बचत होती है और भीड़ प्रबंधन में भी सहायता मिलती है। यह सुविधा उन यात्रियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी है, जो कम समय में यात्रा की योजना बनाते हैं।
डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देते हुए RailOne ऐप पर UPI, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग और R-Wallet जैसे सुरक्षित भुगतान विकल्प उपलब्ध कराए गए हैं। ऐप के माध्यम से R-Wallet से अनारक्षित टिकट बुक करने पर यात्रियों को 3 प्रतिशत बोनस कैशबैक की सुविधा दी जा रही है। वहीं अन्य डिजिटल भुगतान माध्यमों से टिकट बुक करने पर भी 3 प्रतिशत की छूट प्रदान की जा रही है, जो 14 जुलाई 2026 तक प्रभावी है।
RailOne ऐप न केवल समय और धन की बचत करता है, बल्कि कैशलेस और पर्यावरण-अनुकूल यात्रा को भी प्रोत्साहित करता है। डिजिटल टिकट के माध्यम से कागज की खपत कम होती है और यात्रियों को अधिक सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिलता है।
माघ मेला–2026 के अवसर पर उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ने अपने सम्मानित यात्रियों से अपील की है कि वे रेल यात्रा के लिए केवल RailOne ऐप जैसे आधिकारिक माध्यम से ही टिकट प्राप्त करें। किसी भी अन्य भ्रामक या अनधिकृत एप से टिकट न लेने की सलाह दी गई है, क्योंकि इससे यात्रा के दौरान असुविधा हो सकती है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से आग्रह किया है कि वे डिजिटल माध्यमों का अधिक से अधिक उपयोग करें और कैशलेस, सुगम एवं सुरक्षित रेल यात्रा को बढ़ावा देने में सहयोग करें।
![]()












