जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच टी20 विश्व कप में ग्रुप बी का मुकाबला बारिश के चलते रद्द हो गया है। इसके साथ ही दोनों टीमों को एक-एक अंक मिले हैं। इसका फायदा जिम्बाब्वे को हुआ है और वह सुपर आठ चरण में पहुंच गई है। वहीं, 2021 की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया का सफर ग्रुप चरण में ही थम गया है और वह टूर्नामेंट से बाहर हो गई है। पल्लेकल में बारिश के कारण जिम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच मैच में टॉस भी नहीं हो सका और अंतत: मैच रद्द करने का फैसला लिया गया।
ऑस्ट्रेलिया चौथे स्थान पर खिसकी
ग्रुप बी से श्रीलंका की टीम सुपर आठ चरण में पहुंच चुकी है और जिम्बाब्वे इस ग्रुप से अगले दौर में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई है। जिम्बाब्वे ने लगातार दो मैच जीते और अब मैच रद्द होने से उसे एक अंक मिला जिससे उसके तीन मैचों में पांच अंक हो गए हैं और वह सुपर आठ में पहुंच गई है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया अगर आखिरी मैच जीत भी जाती तो उसके चार अंक ही रहेंगे, इसलिए कंगारू टीम का सफर ग्रुप चरण में ही थम गया है। इसके अलावा आयरलैंड और ओमान भी बाहर हो गई है।
पल्लेकल में लगातार होती रही बारिश
पल्लेकल में रुक-रुककर लगातार बारिश होती रही जिस कारण पूरा मैदान कवर्स से ढका रहा। आउटफील्ड के चारों ओर कवर्स लगे रहे और कवर्स के ऊपर काफी पानी भरा हुआ था। मैच भारतीय समयानुसार तीन बजे से शुरू होना था, लेकिन इसमें टॉस भी नहीं हो सका। भारतीय समयानुसार शाम 6:10 बजे तक कटऑफ टाइम था, लेकिन मौसम की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ जिसके बाद दोनों कप्तानों से बात करने के बाद मैच को रद्द किया गया।











