दुद्धि/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। दुद्धि बार एसोसिएशन का वार्षिक चुनाव कड़ी टक्कर के बीच शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो गया। चुनाव परिणाम घोषित होते ही अधिवक्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। समर्थकों ने विजयी प्रत्याशियों को फूल-मालाओं से लादकर जोरदार स्वागत किया तथा मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।
चुनाव अधिकारी प्रेमचंद जायसवाल ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में कुलभूषण पाण्डेय ने 85 मत प्राप्त कर विजय हासिल की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी रामपाल जौहरी को 84 मत मिले। एक मत से मिली इस जीत ने चुनाव को रोमांचक बना दिया। वहीं सचिव पद के लिए दिनेश कुमार ने 88 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। कुल 171 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशियों का जुलूस कोर्ट परिसर में भ्रमण कराने के पश्चात मुख्य बाजार तक निकाला गया। अधिवक्ताओं और समर्थकों ने उन्हें बधाई देते हुए संगठन को मजबूत बनाने की अपेक्षा जताई। इस अवसर पर दिलीप पाण्डेय, छोटे लाल, जितेन्द्र श्रीवास्तव, मनोज मिश्रा, विष्णु सिंह, प्रेमचंद यादव, उपेन्द्र कुमार तिवारी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
![]()











