बीना/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बीना चौकी प्रभारी श्री अजय श्रीवास्तव ने क्षेत्रवासियों से विशेष अपील की है। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसे आपसी सहयोग से ही सुनिश्चित किया जा सकता है।
चौकी प्रभारी श्री अजय श्रीवास्तव ने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का पर्व है, जिसे मर्यादा और संयम के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से नशे का सेवन न करने तथा अपने सगे-संबंधियों और मित्रों के साथ सुरक्षित एवं मर्यादित तरीके से होली खेलने का आग्रह किया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जो लोग होली नहीं खेलना चाहते, उन्हें जबरन रंग न लगाया जाए। किसी भी कॉलोनी या क्षेत्र में अनावश्यक रूप से घूमने से परहेज किया जाए। विगत वर्षों में प्राप्त शिकायतों को ध्यान में रखते हुए इस बार पुलिस प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।
चौकी प्रभारी ने चेतावनी दी कि यदि किसी के द्वारा होली के दौरान अभद्रता, हुड़दंग या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने का प्रयास किया गया, तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस संदेश का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करें और लोगों को जागरूक करें, ताकि होली का त्योहार शांति, सुरक्षा और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न हो सके।
![]()














