दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। होली पर्व की खरीदारी के लिए निकला एक परिवार विंढमगंज थाना क्षेत्र में सड़क हादसे का शिकार हो गया। ग्राम पंचायत जोरूखाड़ में जेपी इंटर कॉलेज के समीप तथा प्रकाश यादव जनरल स्टोर के सामने तेज रफ्तार मैजिक वाहन की टक्कर से महिला और उसका छह वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शी प्रकाश यादव के अनुसार, जोरूखाड़ निवासी पप्पू नायक अपनी मोटरसाइकिल संख्या यूपी 64 एएक्स 0806 से पत्नी किरण देवी और लगभग छह वर्षीय पुत्र रितिक नायक को लेकर विंढमगंज बाजार जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही मैजिक वाहन संख्या यूपी 64 बीटी 5845 ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला और मासूम सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की सहायता से घायलों को दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
यह हादसा क्षेत्र में सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। बाजार और विद्यालय के आसपास तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही लगातार खतरा बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उक्त मार्ग पर न तो स्पीड ब्रेकर की पर्याप्त व्यवस्था है और न ही नियमित यातायात जांच अभियान चलाया जाता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार एवं विद्यालय क्षेत्रों में निर्धारित गति सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए, सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा नियमित चेकिंग अभियान संचालित किया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में ऐसी घटनाएं और भी गंभीर रूप ले सकती हैं।
![]()













