दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत दुद्धी तहसील क्षेत्र में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 40 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा लगभग 350 किलोग्राम लहन बरामद किया। छापेमारी के दौरान मौके पर संचालित पांच अवैध भट्ठियों को भी नष्ट कर दिया गया।
यह कार्रवाई शासन एवं आबकारी आयुक्त के निर्देश पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई। अभियान का नेतृत्व जिला आबकारी अधिकारी द्वारा किया गया। टीम ने दुद्धी, कुंदरी गांव तथा क्षेत्र की कंजड़ एवं स्वीपर बस्ती में संदिग्ध घरों एवं झुग्गी-झोपड़ियों में सघन दबिश दी।
छापेमारी के दौरान अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई। मौके पर ही लगभग 350 किलो लहन नष्ट किया गया और पांच अवैध भट्ठियों को तोड़कर ध्वस्त कर दिया गया। मामले में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के अंतर्गत दो अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

अभियान के दौरान जनपद की विभिन्न आबकारी दुकानों का भी निरीक्षण किया गया, ताकि होली पर्व के मद्देनजर किसी प्रकार की अवैध बिक्री या अनियमितता न हो सके। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं तस्करी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान आबकारी निरीक्षक रविनंदन, विनोद कुमार, आबकारी कांस्टेबल विनोद कुमार, अमित कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
![]()














