लखनऊ/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल ने सभी रेल कर्मचारियों, अधिकारियों, रेल यात्रियों, रेल उपयोगकर्ताओं एवं उनके परिवारजनों को होली के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि होली आपसी सौहार्द, प्रेम और भाईचारे का प्रतीक है, जिसे सभी को मिलजुलकर सुरक्षित एवं जिम्मेदारी के साथ मनाना चाहिए।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने जनसामान्य से विशेष अपील करते हुए कहा कि होली के दौरान ट्रेनों पर गोबर, कीचड़, पत्थर अथवा अन्य किसी प्रकार की वस्तु न फेंकी जाए। ऐसा करना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न कर सकता है। उन्होंने कहा कि रेल संपत्ति राष्ट्र की संपत्ति है, जिसकी सुरक्षा और स्वच्छता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
उन्होंने यात्रियों से अनुरोध किया कि एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए केवल फुट ओवर ब्रिज का ही प्रयोग करें और रेलवे ट्रैक पार करने का जोखिम न उठाएं। यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के विस्फोटक या ज्वलनशील पदार्थ लेकर यात्रा न करें, क्योंकि इससे बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
मंडल रेल प्रबंधक ने यात्रियों को सावधान करते हुए कहा कि किसी भी अपरिचित व्यक्ति द्वारा दिया गया खाद्य पदार्थ स्वीकार न करें। साथ ही, यात्रा टिकट सदैव रेलवे काउंटर, रेलवन ऐप, आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट अथवा रेलवे के अधिकृत एजेंट से ही प्राप्त करें और वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें। नशे की अवस्था में यात्रा करने से बचें, ताकि स्वयं की और अन्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए यात्री रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क कर सकते हैं। रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुरक्षित एवं सुखद यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
![]()












