लखनऊ/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल द्वारा यात्रियों के लिए एक अनोखी पहल करते हुए लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन परिसर में चलती हुई टॉय ट्रेन का आकर्षक मॉडल स्थापित किया गया है। यह छोटा लेकिन बेहद रोचक मॉडल रेलवे संचालन की बुनियादी अवधारणाओं को सरल और रोचक तरीके से प्रस्तुत करता है, जिससे यात्रियों को रेलवे प्रणाली की कार्यप्रणाली समझने का अवसर मिल रहा है।
यह टॉय ट्रेन मॉडल सिविल, मैकेनिकल और सिग्नलिंग सिस्टम की मूलभूत कार्यप्रणाली को प्रदर्शित करता है। मॉडल में रेलवे ट्रैक, स्टेशन, सिग्नल और टनल जैसी संरचनाओं को बारीकी से दर्शाया गया है। ट्रेन के चलने की प्रक्रिया और सिग्नल व्यवस्था को देखकर यात्रियों, विशेषकर बच्चों में रेलवे के प्रति जिज्ञासा और उत्साह बढ़ रहा है।
स्टेशन परिसर में लगाए गए इस मॉडल को देखने के लिए यात्रियों की भीड़ जुट रही है। बच्चे और परिवार इसके सामने रुककर ट्रेन के संचालन को ध्यान से देख रहे हैं। शैक्षिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के साथ-साथ यह मॉडल स्टेशन की सुंदरता को भी बढ़ा रहा है और यात्रियों के लिए एक लोकप्रिय ‘सेल्फी पॉइंट’ बन गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह मॉडल न केवल मनोरंजन का माध्यम है, बल्कि यात्रियों को रेलवे की जटिल कार्यप्रणाली को सरल रूप में समझाने का भी प्रयास है। इससे विशेषकर बच्चों को रेलवे तकनीक के प्रति प्रेरणा मिलती है।
इस आकर्षक टॉय ट्रेन मॉडल को ऐशबाग कोचिंग डिपो द्वारा डिजाइन और निर्मित किया गया है। यह मॉडल वहां के तकनीकी कर्मचारियों की रचनात्मकता, शिल्प कौशल और रेलवे की विरासत को संरक्षित करने के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता है।
रेलवे प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार की पहलें यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाती हैं और रेलवे के प्रति आम लोगों की रुचि और समझ को भी बढ़ाती हैं।
![]()












