लखनऊ/एबीएन न्यूज: रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित और सुदृढ़ बनाने की दिशा में उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में 10 मार्च 2026 को उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल और आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट ऑर्गेनाइजेशन (AWPO) लखनऊ के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस समझौते के तहत 161 पूर्व सैनिकों को प्वाइंट्समैन के पद पर संविदा के आधार पर नियुक्त किया जाएगा। रेलवे प्रशासन के अनुसार इस पहल का मुख्य उद्देश्य प्वाइंट्समैन श्रेणी में उपलब्ध मानव संसाधन की कमी को दूर करना और रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित व प्रभावी बनाना है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि पूर्व सैनिक अपने अनुशासन, अनुभव और समर्पण के लिए जाने जाते हैं। उनकी नियुक्ति से न केवल रेलवे के परिचालन कार्यों में दक्षता बढ़ेगी, बल्कि रेल सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी। साथ ही यह कदम पूर्व सैनिकों के लिए सेवा निवृत्ति के बाद पुनः रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल की यह पहल पूर्व सैनिकों के पुनर्वास के साथ-साथ रेलवे संचालन व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगी। रेलवे प्रशासन का मानना है कि अनुभवी पूर्व सैनिकों की भागीदारी से रेल संचालन में बेहतर समन्वय और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।
![]()













