अनपरा/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। सोनभद्र जनपद के बीना पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घरसड़ी आजाद नगर पहाड़ी के समीप रेलवे लाइन पर एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने युवक को गंभीर हालत में रेलवे ट्रैक के पास पड़ा देखा, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 5:40 बजे जब ग्रामीण शौच के लिए बाहर निकले तो उन्होंने रेलवे लाइन के किनारे एक युवक को घायल अवस्था में पड़ा देखा। युवक का एक हाथ कट चुका था और शरीर से काफी मात्रा में खून बह चुका था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों और परिजनों ने तत्काल युवक को इलाज के लिए बीना स्थित अटल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक Manish Singh ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के अनुसार युवक के शरीर से काफी खून बह चुका था और खून सूख जाने से यह प्रतीत होता है कि उसकी मौत काफी पहले ही हो चुकी थी।
मृतक की पहचान अरुण कुमार (18 वर्ष) पुत्र मुन्ना निवासी ग्राम घरसड़ी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अरुण कुमार संविदा पर Northern Coalfields Limited की बीना परियोजना में डीओ का कार्य करता था और इसी से परिवार का भरण-पोषण करता था। पिता मुन्ना ने बताया कि अरुण रोज सुबह लगभग 8 बजे ड्यूटी पर जाता था और देर शाम घर लौटता था। शुक्रवार रात करीब 9 बजे तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने सोचा कि वह देर से आएगा और सो गए, लेकिन शनिवार सुबह दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक अरुण परिवार का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर में मातम का माहौल है।
घटना की सूचना मिलने पर Uttar Pradesh Police की डायल 112 टीम और बीना चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल युवक ड्यूटी से घर कब लौटा, किसके साथ आया और रेलवे लाइन पर यह हादसा कब और कैसे हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
![]()












