दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। रामनवमी और ईद पर्व के मद्देनजर मंगलवार को दुद्धी के स्थानीय महिला थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा दोनों समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लेकर आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने पर सहमति व्यक्त की।
बैठक में जेबीएस अध्यक्ष पंकज जायसवाल और रामलीला कमेटी के अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रहरि ने रामनवमी पर्व की रूपरेखा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं ईद के कार्यक्रम के संबंध में फतेह मुहम्मद खां और कलीमुल्लाह खां ने पूरी जानकारी साझा की।
दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों से त्योहारों की तैयारियों और कार्यक्रमों की जानकारी लेने के बाद कोतवाल धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ अपने-अपने पर्व मनाएं। उन्होंने कहा कि एक-दूसरे के त्योहारों में सहयोग और सहभागिता बढ़ाना समाज के लिए सकारात्मक संदेश देता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परंपरागत रूप से आयोजित होने वाले त्योहारों के कार्यक्रमों में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
कोतवाल ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी निर्धारित समय का पालन करते हुए अमन-चैन और शांति के माहौल में त्योहार मनाएं। साथ ही उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर नगर पंचायत चेयरमैन कमलेश मोहन ने भी त्योहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने की अपील की। उन्होंने नगर क्षेत्र में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। बैठक में रामलीला कमेटी के महामंत्री सुरेंद्र गुप्ता, जय बजरंग अखाड़ा समिति के महामंत्री दीपक शाह, कमलेश सिंह कमल, सभासद आमेश अग्रहरि, सेराज खां, सुनील जायसवाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
![]()












