दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। दुद्धी कस्बे के स्टेशन रोड स्थित Indian Oil Corporation की Dudhi Indian Gas Agency पर इन दिनों गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। बुधवार सुबह लगभग 6 बजे से ही एजेंसी परिसर में लोगों की लंबी कतार लग गई, जो पूरे दिन जारी रही। गैस सिलेंडर की कमी और वितरण प्रक्रिया को लेकर उपभोक्ताओं में असंतोष भी देखने को मिला।
गैस सिलेंडर लेने पहुंचे कई लोगों को सिलेंडर मिल गया, जबकि कई उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ा। स्थिति यह रही कि कुछ लोगों को मजबूरन घर लौटकर लकड़ी के चूल्हे का सहारा लेना पड़ा। एजेंसी परिसर में भीड़ अधिक होने के कारण पुलिस प्रशासन को भी मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभालनी पड़ी। इस दौरान कतार में लगे लोगों के बीच हल्की खींचातानी की स्थिति भी उत्पन्न हो गई।
उपभोक्ताओं का कहना था कि सिलेंडर प्राप्त करने के लिए पहले पर्ची कटवाने और फिर पासबुक, पैसे तथा डीएसी नंबर के साथ लंबी लाइन में लगना पड़ रहा है। कई लोगों ने आरोप लगाया कि गैस सिलेंडर वितरण में मनमानी हो रही है। उनका कहना था कि कई उपभोक्ताओं के मोबाइल पर सिलेंडर डिलीवर होने का संदेश आ गया, जबकि उन्होंने सिलेंडर प्राप्त ही नहीं किया। ऐसे में लोगों ने सवाल उठाया कि यदि डिलीवरी का संदेश आया है तो सिलेंडर किसे दिया गया।
इस संबंध में गैस एजेंसी के प्रतिनिधि संदीप अग्रवाल ने बताया कि उपभोक्ताओं को डीएसी नंबर के आधार पर ही सिलेंडर दिया जा रहा है। उनका कहना है कि वर्तमान में गैस का उठान हो चुका है और अब निर्धारित अवधि के बाद ही दोबारा बुकिंग संभव होगी, जिसके बाद ही सिलेंडर उपलब्ध कराया जा सकेगा।
वहीं उपभोक्ताओं का यह भी कहना है कि दुद्धी क्षेत्र में होम डिलीवरी की सुविधा लगभग बंद हो गई है, जिससे उन्हें अपने सभी कामकाज छोड़कर एजेंसी पर आना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि कई दिनों बाद डीएसी नंबर मिलने पर यदि समय पर सिलेंडर नहीं लिया गया तो वह भी रद्द हो सकता है। ऐसे में पेट की जरूरत को देखते हुए लोग घंटों लाइन में लगने को मजबूर हैं।
![]()











