हरियाणा में राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के कुछ विधायकों की ओर से क्रॉस वोटिंग का मामला गरमाया हुआ है. इस बीच करनाल के गढ़ी बीरबल पहुंचे कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में हमारे पांच ऐसे विधायक हैं जिन्होंने क्रॉस वोटिंग की है. उनके नाम और सारी रिपोर्ट ऊपर जा चुकी है. धीरे-धीरे एक-एक करके सबके नाम सामने आ जाएंगे. उन्होंने कहा कि एक गरीब परिवार से आने वाले हमारे उम्मीदवार कर्मवीर बौद्ध के खिलाफ बीजेपी ने सारे हथकंडे अपनाए.
कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रामकिशन गुज्जर के इस्तीफा देने के सवाल पर दीपेंद्र सिंह गुड्डा ने कहा, ”नारायणगढ़ से शैली चौधरी जो कांग्रेस की विधायक हैं, एक क्रॉस वोट उनका है, इसलिए राम किशन गुज्जर ने इस्तीफा दिया. उन्होंने पार्टी की कार्रवाई से पहले ही इस्तीफा दिया. क्रॉस वोटिंग करने वाले सभी विधायकों को भी अपनी अपनी विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देना चाहिए. आपने जितनी गद्दारी की है. यह दम भी दिखाओ और इस्तीफा दो.” रामकिशन गुज्जर कांग्रेस की विधायक शैली चौधरी के पति हैं.
राज्यसभा चुनाव में साम दाम दंड भेद का प्रयोग हुआ- दीपेंद्र हुड्डा
दीपेंद्र हुड्डा ने आगे कहा, ”राज्यसभा चुनाव में साम दाम दंड भेद का प्रयोग किया गया. कोई विधायक नहीं बचा होगा जिसके पास इस तरह के फोन कॉल न आए हों. प्रदेश और देश के बड़े-बड़े नेता विधायकों के पास फोन कर रहे थे. विधायकों को हर तरह का ऑफर दे रहे थे. बीजेपी ने लोकतंत्र को खरीद फरोख्त की बड़ी मंडी का रूप दे दिया. जो खरीद फरोख्त से काबू नहीं आया उसे धमकियां दे रहे हैं.”
हरियाणा ने लोकतंत्र की लाज बचाई- दीपेंद्र हुड्डा
रोहतक से कांग्रेस सांसद ने ये भी कहा कि हरियाणा ने लोकतंत्र की लाज बचाई है. जो विधायक डंटे रहे, मैं उन विधायकों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं. मेरा मानना है कि इन विधायकों का सम्मान भी देशवासियों और प्रदेशवासियों में बढ़ाना चाहिए. जिन विधायकों ने गद्दारी की है उनके खिलाफ पार्टी तो कार्रवाई करेगी, लेकिन जनता भी उन्हें कभी न बख्शे. मैं जनता से कहना चाहता हूं कि जो विधायक ईमानदारी से खड़े रहे हैं उनके प्रति भी सम्मान का भाव बढ़ाना चाहिए.”
दीपेंद्र सिंह हुड्डा का इनेलो पर निशाना
दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने इनेलो पर भी निशाना साधते हुए कहा, ”इनेलो को एक सप्ताह पहले भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा था कि अगर आप बीजेपी और कांग्रेस के खिलाफ हो तो प्रेस कांफ्रेंस करके बोल दो कि आप वोट नहीं डालेंगे. इनेलो ने बोला हम कल करेंगे, फिर इन्होंने मीटिंग बुलाई उसमें कहा अगर बचाना है तो बोल दो हम वोट नहीं डालेंगे. भाजपा को मत देना, फिर भी इनेलो ने कोई फैसला नहीं किया.”
कांग्रेस सांसद ने आगे बताया कि इनेलो ने कहा था कि वोटिंग वाले दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जब 12:00 बजे तो तब पता चला कांग्रेस के अभी सारे वोट नहीं डाले, फिर इन्होंने बोला 3:00 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे. जब 3:00 बजे यह क्लियर हो गया कि कांग्रेस के सारे वोट डाल चुके हैं और जो यह क्रॉस वोट करना चाहते थे 8 वोट उसमें असफल हो गए, तभी इनेलो मैदान से भाग गई. पता चल गया कि कांग्रेस का उम्मीदवार जीतेगा, उन्होंने कहा इनेलो ने साढे तीन बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस की जबकि 4:00 बजे तक वोटिंग का समय था. जबकि इनेलो को एक सप्ताह पहले बोला था कि अगर आप बीजेपी के खिलाफ हो तो बोल दो वोट नहीं डालने जाएंगे.”










