अनपरा/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। Northern Coalfields Limited की Nigahi Project NCL द्वारा निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 25 स्थित नन्दगांव में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।
शिविर के दौरान निगाही परियोजना से आई चिकित्सकों की टीम ने क्षेत्र के लोगों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया। साथ ही गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की विशेष रूप से जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। डॉक्टरों ने उपस्थित लोगों को संतुलित आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा साफ-सफाई के प्रति जागरूक रहने की सलाह भी दी।

स्वास्थ्य शिविर में मरीजों को प्रोटीन पाउडर, कैल्शियम, आयरन टॉनिक, मल्टीविटामिन सहित अन्य आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया गया। इस शिविर में कुल 135 लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई और चिकित्सा सेवाओं का लाभ प्राप्त किया, जिनमें 25 गर्भवती महिलाएं भी शामिल रहीं।
एनसीएल द्वारा सीएसआर गतिविधियों के अंतर्गत समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता है, जिससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। कंपनी का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है।
![]()












