सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद के प्रमुख पर्यटन स्थल Salkhan Fossils Park का जिलाधिकारी ने स्थलीय निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पार्क परिसर में पार्किंग स्थल, प्राकृतिक म्यूजियम, रिसेप्शन सेंटर और कैंटीन सहित मूलभूत सुविधाओं को व्यवस्थित एवं सुदृढ़ करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि रिसेप्शन सेंटर पर आने वाले सभी आगंतुकों का नाम अनिवार्य रूप से पंजीकृत किया जाए तथा पर्यटकों की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विद्युत उपकेंद्र तक पहुंचने के लिए अलग मार्ग के निर्माण के निर्देश भी दिए, जिससे व्यवस्थाओं का संचालन सुचारु रूप से किया जा सके।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने फॉसिल पार्क की ओर जाने वाले मार्ग के पास स्थित तालाब के सुंदरीकरण और नियमित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा, ताकि यहां आने वाले पर्यटकों को आकर्षक और मनोहारी वातावरण मिल सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि सलखन फॉसिल्स पार्क में स्थित प्राचीन जीवाश्मों को देखने के लिए देश-विदेश से पर्यटक पहुंचते हैं, इसलिए यहां उच्चस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने वन विभाग को निर्देशित किया कि पार्क के समग्र विकास और सौंदर्यीकरण के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करें, ताकि इस महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल को और अधिक विकसित किया जा सके। इस दौरान वन विभाग के अधिकारी, तहसीलदार रॉबर्ट्सगंज, डीसी मनरेगा, जिला उद्यान अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
![]()












