सोनभद्र/एबीएन न्यूज। ब्लॉक दुद्धी के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बीड़र में सोमवार को शारदा संगोष्ठी, न्याय पंचायत स्तरीय शैक्षिक संगोष्ठी और वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खण्ड शिक्षा अधिकारी दुद्धी प्रेम शंकर राम तथा विशिष्ट अतिथि ग्राम प्रधान बीड़र श्रवण कुमार द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रेम शंकर राम ने कहा कि शिक्षा ही विकास की असली धुरी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रह जाए। उन्होंने बताया कि आज परिषदीय विद्यालयों में प्रोजेक्टर, टैबलेट और स्मार्ट क्लास जैसी आधुनिक सुविधाओं के माध्यम से बच्चों को डिजिटल शिक्षा प्रदान की जा रही है।

एआरपी श्यामसुंदर ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय में बच्चों की बढ़ती संख्या अभिभावकों के बढ़ते विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक दुद्धी में शैक्षिक विकास की दिशा में लगातार बेहतर कार्य हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के मांडलिक मंत्री भोलानाथ ने कहा कि आज बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालय किसी भी कॉन्वेंट स्कूल से कम नहीं हैं और यहां भी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक मुसईराम ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के विकास में विद्यालय के पूरे स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान है और अभिभावकों का सहयोग भी आवश्यक है। इस अवसर पर वर्षभर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि के हाथों पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त कर बच्चे बेहद उत्साहित और प्रसन्न नजर आए। कार्यक्रम में चंद्रेश मौर्य, अनिल यादव, सुभाष, सुनील यादव, वर्षा रानी, अर्चना मौर्य, नूर अफ्शा, वंदना, कुशवाहा, प्रिया कुमारी सहित कई लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अविनाश गुप्ता ने किया।
![]()











