सोनभद्र/एबीएन न्यूज। उत्तर प्रदेश में सुशासन के नवनिर्माण के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला सेवायोजन कार्यालय, सोनभद्र द्वारा रोजगार मेले का आयोजन किया गया। यह रोजगार मेला जिला सेवायोजन कार्यालय लोढ़ी, रॉबर्ट्सगंज के परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर रोजगार के अवसरों की जानकारी प्राप्त की।
रोजगार मेले में लगभग 150 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों की कुल 7 कंपनियों ने भाग लिया, जिनमें मुख्य रूप से हिटाची कैश मैनेजमेंट सर्विसेज प्रा. लि. लखनऊ, ठाकुर पब्लिकेशन लखनऊ, सोलेरा इंडस्ट्रीज प्रा. लि. रॉबर्ट्सगंज तथा कृतिका एडवरटाइजिंग रॉबर्ट्सगंज शामिल रहीं।
मेले के दौरान कंपनियों द्वारा अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया, जिसमें विभिन्न पदों के लिए कुल 67 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। रोजगार मेले के माध्यम से युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए, जिससे युवाओं में उत्साह देखा गया।

इस दौरान सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा उत्तर प्रदेश में नवनिर्माण के नौ वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तक एवं फोल्डर का भी वितरण किया गया, ताकि युवाओं को सरकार की विकास योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी मिल सके।
कार्यक्रम में जिला पर्यटन अधिकारी राजेश भारती, जिला सूचना अधिकारी विनय सिंह, जिला सेवायोजन अधिकारी प्रमोद तिवारी, रोजगार मेला प्रभारी जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, जमील अहमद, प्रदीप सिंह, पवन कुमार सोनकर, यंग प्रोफेशनल सुरेन्द्र प्रजापति, मनोज और अशोक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()












