सोनभद्र/एबीएन न्यूज। वैश्विक स्तर पर युद्धजनित परिस्थितियों के कारण ऊर्जा संकट गहराने के बीच नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कोयला मंत्रालय, भारत सरकार के मार्गदर्शन में कार्य करते हुए एनसीएल ने एक ही दिन में 57 रेलवे रैक कोयला देश के विभिन्न ताप विद्युत इकाइयों को प्रेषित कर नया इतिहास रच दिया है।
एनसीएल ने रविवार को दूरस्थ ताप विद्युत इकाइयों को कुल 4.14 लाख टन कोयला भेजा, जिसमें से 2.2 लाख टन कोयला भारतीय रेल के माध्यम से भेजा गया। शेष कोयला एमजीआर सिस्टम, सड़क मार्ग तथा पाइप बेल्ट के जरिए विभिन्न इकाइयों तक पहुंचाया गया। यह उपलब्धि ऐसे समय में सामने आई है जब ऊर्जा संकट के चलते देश में कोयले की मांग तेजी से बढ़ी है।
जहां एक ओर दूरस्थ ताप विद्युत इकाइयों के लिए रेलवे के माध्यम से रिकॉर्ड स्तर पर कोयला भेजा गया, वहीं पिट हेड पावर प्लांट्स को एमजीआर प्रणाली के माध्यम से पर्याप्त मात्रा में कोयला उपलब्ध कराया गया। वर्तमान में एनसीएल के पास पिट हेड स्टॉक लगभग 8.3 मिलियन टन है, जबकि खदानों के भीतर कोयले का एक्सपोजर करीब 10.5 मिलियन टन है, जिससे ताप विद्युत इकाइयों और अन्य उद्योगों की मांग पूरी करने के लिए कंपनी पूरी तरह तैयार है।
राज्यवार कोयला आपूर्ति की बात करें तो रविवार को एनसीएल ने मध्य प्रदेश को 13 रैक, उत्तर प्रदेश को 25 रैक, राजस्थान को 11 रैक, पंजाब को 4 रैक, हरियाणा को 2 रैक, गुजरात को 1 रैक तथा बिहार को 1 रैक कोयला भेजा। इस प्रकार कुल 57 रैक्स का ऐतिहासिक प्रेषण दर्ज किया गया।
एनसीएल राज्य विद्युत उत्पादन निगमों (स्टेट जेनको) के साथ-साथ स्वतंत्र विद्युत उत्पादकों (आईपीपी) को भी लगातार कोयला उपलब्ध करा रही है। इसके अलावा पिट हेड पावर प्लांट्स को भी प्रचुर मात्रा में कोयले की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में रविवार को 55 रैक कोयले की आपूर्ति पिट हेड पावर प्लांट्स को की गई।
“कोयला है तो भरोसा है” के ध्येय वाक्य के साथ एनसीएल और कोल इंडिया परिवार इस चुनौतीपूर्ण समय में राष्ट्र सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। कंपनी का यह प्रयास देश की ऊर्जा संरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है और भविष्य में भी एनसीएल इसी प्रतिबद्धता के साथ देश की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए कार्य करती रहेगी।
![]()











