06:33 AM, 08-Feb-2025
19 दिन बाकी, 50 करोड़ पार कर सकती है स्नानार्थियों की संख्या
मां गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पवित्र संगम में स्नान करने वालों का आंकड़ा दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। महाकुंभ के अभी 19 दिन शेष हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि स्नान करने वालों की संख्या 50 करोड़ पार कर जाएगी। शुक्रवार को स्नानार्थियों का आंकड़ा 40 करोड़ पार कर गया।
06:24 AM, 08-Feb-2025
महाकुंभ में स्नानार्थियों की संख्या 40 करोड़ पार
महाकुंभ नगर में स्नानार्थियों की कुल संख्या 40 करोड़ को पार कर गई है। शुक्रवार को भी श्रद्धालुओं का रेला उमड़ा और रात आठ बजे तक 94.70 लाख लोगों ने स्नान किया। इसके बाद भी मेला क्षेत्र में आने तथा स्नान करने वालों का तांता लगा रहा। महाकुंभ आयोजन से पहले ही 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद की गई थी, जो शुक्रवार को ही पूरी हो गई। मेला प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार बृहस्पतिवार को ही 39.74 करोड़ लोग स्नान कर चुके थे। वहीं शुक्रवार को सुबह 10 बजे तक 46 लाख से अधिक लोग स्नान कर चुके थे। इस तरह से 40 करोड़ का आंकड़ा सुबह ही पार हो गया।
06:08 AM, 08-Feb-2025
ग्रेनो वेस्ट से 45 लोग महाकुंभ के लिए रवाना
प्रयागराज महाकुंभ जाने के लिए शहर वासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। ग्रेनो वेस्ट की निराला इस्टेट, लॉ रेजीडेंसिया, स्प्रिंग नोडोस, आइकन वैली, पटेल न्यू टाउन सोसाइटी से करीब 45 लोग महाकुंभ के लिए रवाना हुए हैं। इस दौरान सोसाइटी वासियों ने फूल माला पहनाकर लोगों को विदा किया।
06:05 AM, 08-Feb-2025
तीन मुख्यमंत्री समेत कई नेता आज करेंगे स्नान
तीन राज्यों के मुख्यमंत्री समेत कई अन्य नेता आज संगम स्नान करेंगे। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री संगम स्नान के अलावा सेक्टर-18 स्थित एकात्म धाम में भी जाएंगे। इनके साथ कई मंत्री भी होंगे। वहीं, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा भी संगम स्नान करेंगे। साथ ही मेले का भ्रमण करेंगे। इनके साथ उपमुख्यमंत्री, मंत्रियों, सांसदों एवं विधायकों का 180 सदस्यीय दल मौजूद रहेगा। इसके अलावा सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग भी मंत्रियों के साथ संगम में डुबकी लगाएंगे। इनके साथ 46 सदस्यीय दल रहेगा। उधर, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को संगम स्नान करेंगे। इन अतिथियों के स्नान के लिए मेला प्रशासन ने तैयारी की गई।
05:57 AM, 08-Feb-2025
Mahakumbh 2025 Live: श्रद्धालु कर रहे हैं संगम में पावन स्नान, मेला प्रशासन ने व्यवस्थाओं में किया कुछ बदलाव
तीर्थनगरी प्रयागराज में महाकुंभ का आज 27वां दिन है। वसंत पंचमी के बाद से मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई है। इसे देखते हुए मेला प्रशासन ने व्यवस्थाओं में कुछ बदलाव किया है। आज भी संगम में डुबकी लगाने के लिए सामान्य श्रद्धालुओं के साथ कुछ विदेशी और सियासी मेहमानों का क्रम रहेगा।