लखनऊ/एबीएन न्यूज। भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (IRITM), लखनऊ ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण की पहल के तहत परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य संस्थान परिसर को हरित और स्वच्छ बनाना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री संजय त्रिपाठी, अपर महानिदेशक ने की। उन्होंने संकाय सदस्यों एवं कर्मचारियों के साथ मिलकर सागौन, कचनार, नींबू, कदंब आदि पौधों का रोपण किया। इन पौधों का चयन उनके पर्यावरणीय लाभ और स्थानीय जलवायु अनुकूलता के आधार पर किया गया।
अपर महानिदेशक श्री त्रिपाठी ने कहा, “परिवहन का भविष्य प्रकृति के साथ सामंजस्य में होना चाहिए। वृक्षारोपण जैसी पहलें न केवल पर्यावरण के प्रति हमारी ज़िम्मेदारी को दर्शाती हैं, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ और हरित वातावरण की नींव भी रखती हैं।” उन्होंने संस्थान के हर सदस्य से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा वृक्षों की देखभाल और पर्यावरण हितैषी गतिविधियों में भागीदारी की शपथ के साथ हुआ। यह आयोजन IRITM की ओर से सतत विकास की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।