दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। स्थानीय नगर पंचायत दुद्धी के वार्ड संख्या 11 स्थित सिविल बार एसोसिएशन (सीबीए) के पूर्व अध्यक्ष श्री जवाहर लाल अग्रहरि के आवास पर संघ के वर्तमान अध्यक्ष एवं पूर्व अध्यक्षों की एक संयुक्त बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन की प्रगति और समसामयिक समस्याओं के निराकरण पर विचार-विमर्श करना रहा।
बैठक में उपस्थित सभी वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने सिविल बार एसोसिएशन की वर्तमान स्थिति, सुविधाओं में विस्तार, न्यायिक कार्यों में तेजी, तथा नवीन अधिवक्ताओं के मार्गदर्शन और सशक्तिकरण जैसे बिंदुओं पर चर्चा की।
इस अवसर पर सिविल बार एसोसिएशन के वर्तमान अध्यक्ष सहित निम्न पूर्व अध्यक्षगण उपस्थित रहे। जिनमें मुख्यरूप से सत्यनारायण सिंह, राम लोचन तिवारी, रामेश्वर तिवारी, राकेश कुमार श्रीवास्तव, जवाहर लाल अग्रहरि (मेज़बान), अमिताभ कुमार जायसवाल, विष्णुकांत तिवारी, प्रभु सिंह प्रमुख रहे।
सभी ने अपने अनुभवों के आधार पर सुझाव रखते हुए संगठन को और अधिक सशक्त, संगठित और प्रभावी बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। साथ ही, अधिवक्ता समुदाय की समस्याओं जैसे बार रूम में बुनियादी सुविधाओं की कमी, पुस्तकालय विस्तार, और युवा अधिवक्ताओं के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।
अध्यक्षीय टिप्पणी में इस बात पर सहमति बनी कि नियमित बैठकों एवं संवाद से संगठनात्मक मजबूती लाई जा सकती है, और सीबीए को न्यायिक प्रक्रिया में एक सकारात्मक एवं रचनात्मक सहयोगी संस्था के रूप में स्थापित किया जा सकता है।