सीएम योगी समेत शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर हुई चर्चा
लखनऊ/एबीएन न्यूज। राजधानी लखनऊ में आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश संगठन की बड़ी बैठक संपन्न हुई। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह समेत पार्टी के सभी जिला अध्यक्ष मौजूद रहे।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भाजपा प्रदेशभर में बड़े पैमाने पर “हर घर तिरंगा” अभियान चलाएगी। बैठक में प्रमुख निर्णय लिए गए।
11-12 अगस्त: मंडल स्तर पर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इसमें भाजपा युवा मोर्चा और महिला मोर्चा सक्रिय रूप से भाग लेंगे।
13-14 अगस्त: स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से जुड़े स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।
14-15 अगस्त: हर घर तिरंगा लगाने का अभियान चलाया जाएगा, जिससे लोगों में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत किया जा सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं से कहा कि स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता समाज को जोड़ने और राष्ट्रप्रेम को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय भूमिका निभाए। बैठक में प्रदेश नेतृत्व ने सभी जिला अध्यक्षों को आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और अभियान को सफल बनाने के लिए बूथ स्तर तक की तैयारी सुनिश्चित करने को कहा।
![]()












