भारतीय अंतरिक्ष यात्री और नासा के एक्सिओम-4 अंतरिक्ष मिशन के पायलट रहे ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला रविवार तड़के अमेरिका से भारत लौट आए हैं। नई दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचने पर केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और छात्रों के समूह ने शुभांशु का भव्य स्वागत किया। इससे पहले सीएम रेखा गुप्ता और मंत्री सिंह ने एयरपोर्ट पर मौजूद शुभांशु की पत्नी कामना शुक्ला का स्वागत किया।
माना जा रहा है कि शुभांशु शुक्ला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेंगे। इसके बाद वह लखनऊ जाएंगे। बता दें कि शुभांशु के साथ भारत के गगनयान मिशन के लिए चुने गए एक और अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर भी भारत लौटे। वह आईएसएस मिशन के लिए भारत के बैकअप अंतरिक्ष यात्री थे।
15 जुलाई को पृथ्वि पर लौटे थे शुभांशु
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला नासा के एक्सिओम-4 निजी अंतरिक्ष मिशन का हिस्सा थे, जो 25 जून को अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से रवाना हुआ और 26 जून को आईएसएस से जुड़ा। उन्होंने अमेरिका की पैगी व्हिटसन, पोलैंड के स्लावोज उजनांस्की-विस्निवस्की और हंगरी के टिबोर कापु के साथ 18 दिन के मिशन के दौरान 60 से अधिक प्रयोग और 20 जनसंपर्क सत्र किए। शुभांशु 15 जुलाई को पृथ्वी पर लौटे थे।
ये भी पढ़ें:- Shubhanshu Shukla: ‘यूं ही चला चल राही…जीवन गाड़ी है समय पहिया’, स्वदेश लौट रहे शुभांशु ने साझा किया अनुभव