लखनऊ/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल में आज एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मण्डल रेल प्रबन्धक श्री गौरव अग्रवाल ने मंडल कार्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में सुरक्षित एवं संरक्षित रेल संचलन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 09 रेल कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी डा. शिल्पी कन्नौजिया, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक श्री प्रसन्न कात्यायन, वरिष्ठ मण्डल यांत्रिक इंजीनियर/कैरेज एण्ड वैगन श्री निलेश सिंह तथा वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (द्वितीय) श्री अश्विनी कुमार तिवारी उपस्थित रहे।
सम्मानित किए गए कर्मचारियों का संबंध मंडल के परिचालन, इंजीनियरिंग तथा यांत्रिक विभाग से है। इन सभी ने अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देकर न केवल रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की, बल्कि संरक्षित ट्रेन संचालन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमारे रेलकर्मी विपरीत परिस्थितियों में भी निष्ठा, परिश्रम और सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वाह करते हैं। उनके इसी समर्पण और कर्मठता को सम्मानित करने के उद्देश्य से यह प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की और कहा कि इस तरह के सम्मान से उनकी कर्तव्यनिष्ठा को और बल मिलेगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे और सम्मानित साथियों का उत्साहवर्धन किया।
![]()











