भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) जोधपुर में मंगलवार को एक मीटिंग के दौरान हुआ विवाद प्रशासन और शिक्षक वर्ग के बीच गंभीर टकराव में बदल गया। इस मामले में कुलसचिव और सहायक प्रोफेसर ने एक-दूसरे पर राजकार्य में बाधा डालने और अभद्रता के आरोप लगाते हुए परस्पर मुकदमे दर्ज कराए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया है और अब मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
मीटिंग में कहासुनी से बिगड़े हालात
आईआईटी करवड़ के कार्यवाहक कुलसचिव अंकुर गुप्ता की ओर से दर्ज रिपोर्ट में बताया गया कि 2 सितंबर को संस्थान में चल रही मीटिंग के दौरान सहायक प्रोफेसर डॉ. दीपक कुमार अरोड़ा और अन्य अधिकारियों के बीच किसी मुद्दे को लेकर बहस हो गई। आरोप है कि इस दौरान डॉ. अरोड़ा ने न केवल राजकार्य में बाधा डाली बल्कि जातिगत अपशब्द भी कहे। इसी आधार पर मंडोर थाने में मामला दर्ज कर पुलिस ने डॉ. अरोड़ा को गिरफ्तार किया।
सहायक प्रोफेसर ने भी दर्ज कराया क्रॉस केस
वहीं, सहायक प्रोफेसर डॉ. दीपक अरोड़ा ने अपनी ओर से दर्ज शिकायत में आरोप लगाया कि मीटिंग के दौरान उन्हें अविनाश कुमार अग्रवाल और उनके सहयोगियों ने बंधक बना लिया और उनके साथ मारपीट की। उन्होंने भी राजकार्य में बाधा डालने का आरोप सामने वाले पक्ष पर लगाया है।
यह भी पढ़ें- Jaipur News: जर्जर स्कूलों पर कांग्रेस का सदन में जोरदार हंगामा, विधानसभा में पास होगा कोचिंग रेगुलेशन बिल