लखनऊ/एबीएन न्यूज। रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली के अतिरिक्त सदस्य (खानपान व पर्यटन) श्री अमित वरदान शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे। अपने निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लखनऊ स्टेशन पर यात्रियों के लिए उपलब्ध खानपान और अन्य सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
उन्होंने रेल कोच रेस्टोरेंट (RCR), वन स्टेशन वन प्रोडक्ट (OSOP) स्टॉल और मल्टी पर्पज़ स्टॉल का निरीक्षण कर उनकी व्यवस्थाओं, स्वच्छता और यात्री सुविधाओं की समीक्षा की। रेल कोच रेस्टोरेंट में यात्रियों से सीधे संवाद कर उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और सेवाओं को लेकर फीडबैक लिया।

निरीक्षण के दौरान श्री अमित वरदान ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी सेवाएं पारदर्शी, यात्री-अनुकूल और उच्च गुणवत्ता वाली हों। उन्होंने कहा कि लखनऊ मंडल द्वारा यात्रियों को उत्तम खानपान सेवाएं, स्वच्छ वातावरण और पारदर्शी वाणिज्यिक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराना हमेशा प्राथमिकता रही है। भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर निरंतर निगरानी से यात्रियों का यात्रा अनुभव और भी सुरक्षित व संतोषजनक बनेगा।

इस मौके पर मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक (IRCTC) उत्तरी परिक्षेत्र श्री अजीत सिन्हा और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उत्तर रेलवे लखनऊ श्री कुलदीप तिवारी भी मौजूद रहे।
![]()











