बरेली के अलीगंज थाना क्षेत्र में राजस्व निरीक्षक व लेखपाल की लापरवाही से राजपुर कलां में जमीन के विवाद में दो पक्षों में जमकर गोलीबारी हुई। घटना के दूसरे दिन रविवार को पुलिस ने 25 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इसमें छह आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। वहां से उनको जेल भेज दिया गया। इधर, एसएसपी ने इंस्पेक्टर राजित राम को थाने से हटाकर क्राइम ब्रांच भेज दिया, जबकि दरोगा मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल शहनवाज को निलंबित कर दिया। डीएम ने राजस्व निरीक्षक वेद प्रकाश भास्कर और लेखपाल महेंद्र कुमार को भी निलंबित कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, अरविंद कुमार व दूसरे पक्ष के धर्मवीर आदि लोगों का विवाद राजपुर कलां स्थित 44 बीघा जमीन पर कब्जे को लेकर था। पुलिस की पूछताछ में प्रभांशु यादव ने बताया कि शनिवार को वह और उनके घरवाले खेत जोतने गए थे। तभी दूसरे पक्ष के धर्मवीर और सुरेश भी पहुंच गए। दोनों पक्षों में गाली-गलौज के बाद फायरिंग शुरू हो गई।
यह भी पढ़ें- दिशा पाटनी के घर पर हमला: हमलावरों को पाताल से भी खोज निकालेंगे, CM योगी के ओएसडी ने जगदीश पाटनी को दिया भरोसा
पुलिस ने एक पक्ष के प्रभांशु यादव, प्रमोद कुमार, हरीश यादव, अरविंद कुमार यादव को शनिवार शाम गोशाला के पास से और दूसरे पक्ष से धर्मवीर व प्रेमपाल को राजपुर कलां-अनिरुद्धपुर मार्ग पर पिपरमेंट फैक्टरी के पास से गिरफ्तार किया है। आंवला सीओ नितिन ने बताया कि आरोपियों के पास से तमंचे व कारतूस बरामद हुए हैं। अन्य तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।