सोनभद्र/एबीएन न्यूज। गुरुवार को एनसीएल परिवार ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर एनसीएल के सीएमडी, कार्यकारी निदेशकगण, जेसीसी सदस्यगण एवं सीएमओएआई महासचिव सहित अधिकारियों व कर्मचारियों ने प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर नमन किया और राष्ट्रहित में दोनों महान विभूतियों के अमूल्य योगदान को स्मरण किया। एनसीएल की सभी इकाइयों एवं परियोजनाओं में भी यह जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई।
इसी क्रम में ‘स्वच्छता ही सेवा’ मुहिम का समापन भी हुआ, जो 17 सितम्बर से चल रहा था। इस अवसर पर सीएमडी, निदेशकमंडल, जेसीसी सदस्यगण एवं सीएमओएआई महासचिव ने सफाई मित्रों से संवाद किया, उन्हें सम्मानित किया और समाज को स्वच्छ बनाने के उनके योगदान के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उपस्थित सभी ने स्वच्छता शपथ भी ग्रहण की। इस अभियान के तहत मुख्यालय एवं परियोजनाओं में जन-जागरूकता रैलियां, सार्वजनिक स्थलों की सफाई, पौधरोपण, प्रतियोगिताएं और ‘थैंक यू सफाई मित्र’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। समापन पर उत्कृष्ट प्रतिभागियों व समितियों को सम्मानित किया गया।

इसके साथ ही एनसीएल में विशेष स्वच्छता अभियान 5.0 के कार्यान्वयन चरण की भी शुरुआत हुई, जो 2 से 31 अक्टूबर 2025 तक चलेगा। इसमें चिन्हित स्थलों की साफ-सफाई, स्क्रैप प्रबंधन, ई-कचरा निस्तारण, पुरानी फाइलों का प्रबंधन, स्पेस एवं रिकॉर्ड मैनेजमेंट तथा वेस्ट टू वैल्थ जैसी गतिविधियों पर जोर रहेगा। उल्लेखनीय है कि इस अभियान का प्रारम्भिक चरण 15 से 30 सितम्बर तक चला, जिसके अंतर्गत मुख्यालय व परियोजनाओं में व्यापक तैयारियां की गई थीं।
![]()











