सोनभद्र/एबीएन न्यूज़। जनपद सोनभद्र में आज दिनांक 04 अक्टूबर 2025 को मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मरक्षा और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने हेतु कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में नीतू सिंह, जिला मिशन कोऑर्डिनेटर ने उपस्थित महिलाओं और छात्राओं को सेल्फ डिफेंस (आत्मरक्षा) के लिए प्रेरित करते हुए पर्सनल सेफ्टी के महत्वपूर्ण टिप्स बताए। उन्होंने छात्राओं को यह भी बताया कि विपरीत परिस्थितियों में किस प्रकार वे अपने साहस और सूझबूझ से स्वयं की रक्षा कर सकती हैं।
इस अवसर पर सीमा द्विवेदी, जेंडर स्पेशलिस्ट ने महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कन्या सुमंगला योजना, बाल सेवा योजना, वन स्टॉप सेंटर, तथा महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्डलाइन 1098, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 और 1090 महिला पावर लाइन जैसी सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया।

उन्होंने बताया कि दूरदराज क्षेत्रों से आई महिलाएं भी कन्या सुमंगला योजना को ऑनलाइन आवेदन कर लाभ उठा सकती हैं। साथ ही महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में डॉ. जे.पी. सिंह, हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन की टीम, नर्स रेखा, गुड़िया, आशा सुमित्रा देवी सहित अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे।
मौके पर सभी ने एक स्वर में संदेश दिया कि महिलाओं का सशक्तिकरण ही समाज की सच्ची प्रगति का आधार है।
![]()












