24 सितंबर की लेह हिंसा में गिरफ्तार 11 और प्रदर्शनकारियों को लेह जिला अदालत ने सोमवार को जमानत दी है। इन्हें मंगलवार सुबह जिला जेल से रिहा होने की उम्मीद है। इस बीच, रविवार को गिरफ्तार किए गए चार लोगों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस से हिंसक झड़प के बाद 39 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें से 27 लोगों को एक अक्टूबर को जमानत मिल गई थी। अब 11 और को जमानत मिल गई है। गिरफ्तार किए गए इन लोगों में अब सिर्फ एक व्यक्ति बचा है। उसकी रिहाई के प्रयास जारी हैं।
लेह बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शफी लस्सू ने बताया कि रविवार को चार और लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इन्हें सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों को मुफ्त कानूनी सहायता दी जा रही है। गिरफ्तार किए गए सभी लोगों को अभी रिहा नहीं किया गया है। केवल उन्हीं बंदियों को रिहा किया गया है जिन्हें हिंसा वाले दिन हिरासत में लिया गया था। इन गिरफ्तारियों के बाद से ही बार एसोसिएशन की कानूनी टीम बंदियों के परिवारों और अदालती अधिकारियों के साथ समन्वय कर रही है।
सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक खुले रहे बाजार
सोमवार को लेह के सभी बाजार सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक खुले रहे। बाजारों में लोगों की भारी भीड़ रही। प्रशासनिक आदेश एवं कड़ी सुरक्षा के बीच जिले में 12वीं तक के स्कूल सोमवार को भी खुले। विद्यार्थियों को स्कूल जाते-आते देखा गया। हालांकि, सुरक्षा कारणों से विश्वविद्यालय अभी बंद हैं। मोबाइल इंटरनेट सेवा अभी बंद है जबकि वाईफाई सेवाएं चालू हैं।












