सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जिलाधिकारी बी.एन. सिंह के निर्देश पर दीपावली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग, सोनभद्र की टीम ने जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान टीम द्वारा विभिन्न दुकानों से सरसों के तेल के दो, डोडा बर्फी का एक, बेसन का एक, दूध के तीन, नमकीन का एक तथा हल्दी के दो नमूने जांच हेतु संकलित कर राजकीय जन विश्लेषक प्रयोगशाला को परीक्षण हेतु भेजे गए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान सात दुकानदारों को दुकानों में गंदगी, खाद्य सामग्री के अनुचित रख-रखाव एवं हाइजीन संबंधी कमियों के कारण सुधार सूचना जारी की है। वहीं, जांच के क्रम में रंगीन कचरी (मूल्य ₹2620), नमकीन (₹11000) एवं फलों का जूस (₹2400), जो मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाए गए, को मौके पर नष्ट कर दिया गया।

नगर पालिका क्षेत्र रॉबर्ट्सगंज के उत्तर मोहल्ले में स्थित उमेश कुमार केसरी की दुकान से हल्दी पाउडर व हल्दी साबुत का नमूना लिया गया, जो सिंथेटिक कलर से रंगा हुआ पाया गया। टीम ने मौके पर 146 किलोग्राम हल्दी पाउडर (मूल्य ₹26,200) और 200 किलोग्राम हल्दी साबुत (मूल्य ₹28,000) को सीज कर दिया। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषी विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
![]()













