लखनऊ/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित सभागार में आज मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में एन.ई. रेलवे मेंस कांग्रेस यूनियन लखनऊ के पदाधिकारियों के साथ पीएनएम (स्थायी वार्ता तंत्र) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में रेलवे प्रशासन और यूनियन प्रतिनिधियों के बीच कर्मचारी हितों, संरक्षा उपायों और कार्यस्थल सुधारों पर व्यापक चर्चा हुई।
मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि “रेल संरक्षा सर्वोपरि है और इसके लिए प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका महत्वपूर्ण है।” उन्होंने यह भी कहा कि लखनऊ मंडल प्रशासन कर्मचारियों और उनके परिवारों को कार्यस्थल, आवासीय क्षेत्रों और चिकित्सा सुविधाओं में बेहतर सेवाएं देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। डीआरएम ने यूनियन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन कर्मचारी हितों से जुड़े सुझावों पर गंभीरता से अमल करेगा ताकि कार्यसंस्कृति और अधिक पारदर्शी एवं संवेदनशील बन सके।

बैठक में एन.ई. रेलवे मेंस कांग्रेस यूनियन के मंडल मंत्री राकेश चंद वर्मा ने कहा कि कर्मचारियों के लम्बित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और रेलवे बोर्ड के आदेशों का शीघ्र अनुपालन हो। यूनियन अध्यक्ष धर्मेंद्र गुप्ता ने संरक्षा श्रेणी में नियुक्ति, पदोन्नति, एमएसीपी, आवासों में सुधार, चिकित्सा सुविधा, महिला कर्मचारियों के लिए रेस्ट रूम, कैंटीन व्यवस्था और ड्यूटी रोस्टर जैसी प्रमुख समस्याओं पर चर्चा की।
इस दौरान यूनियन के अन्य पदाधिकारियों ने भी व्यक्तिगत और नीतिगत मुद्दों पर सुझाव दिए। बैठक का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राहुल यादव ने किया। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) भुवनेश सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परि) श्रीमती नीतू, एवं विभिन्न शाखा अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()












