लखनऊ/एबीएन न्यूज। सोशल मीडिया पर वाहन चालकों से रिश्वत लेने का वीडियो सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए 11 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। डीजीपी ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार के मामलों में “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई जाएगी और दोषी किसी भी स्तर पर बख्शे नहीं जाएंगे।
जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कुछ जनपदों के पुलिसकर्मी वाहन चालकों से रिश्वत लेते हुए दिखे थे। डीजीपी ने वीडियो संज्ञान में आने के तुरंत बाद संबंधित जनपदों के पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
जांच के बाद अब तक कुल 11 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है, जिनमें जनपद चित्रकूट से 03 थाना प्रभारी (भरतकूप, पहाड़ी, राजापुर), 01 निरीक्षक, 02 उपनिरीक्षक (जिनमें 01 महिला उपनिरीक्षक भी शामिल), 01 उपनिरीक्षक एवं 03 आरक्षी शामिल हैं। जनपद बांदा से बदौसा थाने के थानाध्यक्ष (उपनिरीक्षक) एवं 01 आरक्षी को निलंबित किया गया है। जनपद कौशांबी से महेवाघाट थानाध्यक्ष (उपनिरीक्षक) एवं 01 आरक्षी को भी निलंबन की कार्रवाई में शामिल किया गया है।
डीजीपी मुख्यालय ने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करने वाले और भ्रष्टाचार में संलिप्त कर्मचारियों के खिलाफ त्वरित एवं कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
![]()














