शाहजहांपुर के पुवायां थाना क्षेत्र के गांव सुनारा बुजुर्ग में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने बुधवार रात साढ़े दस बजे घर के बाहर टिनशेड में सो रहे दंपती को रौंद दिया। हादसे में तारा देवी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनके पति रामशंकर और पौत्र-पौत्री को 108 एम्बुलेंस से सीएचसी पुवायां लाया गया था। जहां पर डॉक्टर ने रामशंकर को मृत घोषित कर दिया था।
घायल पौत्री वंदना देवी को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया था और अरुण को मामूली चोटें आई थी। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पुवायां-दातागंज स्टेट हाइवे पर जाम कर दिया। सूचना पर कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और देखते ही देखते घटनास्थल छावनी में तब्दील हो गया। पूरी रात प्रशासन परिजनों को समझाते रहे, लेकिन सुबह तक ग्रामीणों ने जाम नहीं खोला।
संबंधित खबर- शाहजहांपुर में भीषण हादसा: तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली टिनशेड में घुसी, दंपती की मौत, पौत्री गंभीर घायल
बृहस्पतिवार सुबह सीओ प्रवीण मालिक और नायब तहसीलदार पंकज कुमार ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद ग्रामीणों ने बमुश्किल जाम खोला। इस दौरान लगभग नौ घंटे जाम लगा रहा। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके पर पुलिस बल की तैनाती बनी हुई है। परिजनों की ओर से ट्रैक्टर चालक के खिलाफ तहरीर दे दी गई है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज करके चालक की तलाश कर रही है।