सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोनभद्र जनपद के चोपन स्थित रेल कर्मचारी इंटर कॉलेज पहुंचे, जहां जनपद के जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने रेलवे खेल मैदान में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन किया और जनजातीय संस्कृति से जुड़े ‘मांदर’ वाद्ययंत्र को बजाकर लोगों की सराहना बटोरी। वहीं बाल विकास विभाग की प्रदर्शनी में अन्नप्राशन संस्कार भी सम्पन्न कराया।

मुख्यमंत्री ने मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस विभाग को मिली 25 नई स्कूटियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और मंच पर उपस्थित जनजातीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत करमा, याक और स्वागत नृत्य का आनंद लिया।

मुख्यमंत्री ने सोनभद्र के पर्यटन व जनजातीय विकास पर आधारित वीडियो क्लिप देखी और जनपद में 548 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 432 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम में जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित किया गया तथा वनाधिकार पट्टा व मुख्यमंत्री आवास प्रमाण पत्र लाभार्थियों को प्रदान किए गए। साथ ही सोनभद्र के पर्यटन पर आधारित पुस्तिका एवं बिरसा मुंडा पर प्रकाशित कृति का विमोचन भी किया गया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष केवल विदेशी शासन के विरुद्ध नहीं, बल्कि शोषण और अन्याय के खिलाफ भी था। उन्होंने जनजातीय गौरव दिवस को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देन बताते हुए कहा कि वनाधिकार कानून में संशोधन के बाद 23 हजार से अधिक पट्टे वितरित किए जा चुके हैं। आज भी एक हजार से अधिक लाभार्थियों को खतौनी दी गई है।

उन्होंने कहा कि सोनभद्र वन औषधियों का भंडार है और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जनजातीय युवाओं को टूरिस्ट गाइड के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है। शीघ्र ही मिर्जापुर मंडल में जनजातीय संग्रहालय की स्थापना होगी। सलखन फॉसिल पार्क को यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने के प्रयास जारी हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जनजातीय समाज के उत्थान के लिए एकलव्य मॉडल विद्यालय, आश्रम पद्धति स्कूल, छात्रावास, कस्तूरबा गांधी विद्यालय, अभ्युदय कोचिंग और विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के माध्यम से शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। साथ ही सोनभद्र में मेडिकल कॉलेज, बड़े निवेश प्रस्ताव, कनहर सिंचाई परियोजना, हर घर नल योजना और ऊर्जा क्षेत्र की बहुआयामी परियोजनाओं से विकास की गति तेज हुई है।

उन्होंने उज्ज्वला, आयुष्मान, पीएम आवास, जनधन, पीएम स्वनिधि, मुद्रा योजना, पेंशन योजनाओं और किसान सम्मान निधि जैसी दर्जनों योजनाओं के माध्यम से लाखों परिवारों को लाभान्वित किए जाने की जानकारी दी। कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, राज्य मंत्री संजीव गोंड, प्रभारी मंत्री रविंद्र जायसवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
![]()











