बिहार इन दिनों दो वजहों से चर्चाओं में है। पहली वजह चुनाव परिणाम और दूसरी वजह लालू परिवार का आपसी झगड़ा। बिहार चुनाव परिणाम आने के बाद लालू की बेटी रोहिणी आचार्य ने राजद प्रमुख तेजस्वी यादव पर आरोप लगाया कि पार्टी में सवाल उठाने पर चप्पल से पीटने की बात होती है।
लालू यादव परिवार में दूसरे नंबर की बेटी रोहिणी आचार्य ने पहले कहा कि उन्होंने परिवार छोड़ दिया। पार्टी छोड़ दी। फिर पटना से निकलते समय कहा कि मुझे परिवार से निकाल दिया। तेजस्वी यादव के दो करीबियों का नाम लेकर कहा कि उनके बारे में बोलने पर चप्पल उठाई जाती है।
यूपी में भी लालू यादव के जैसा ही एक राजनीति परिवार है। दोनों में समानता यह है कि इन्होंने जनता दल से निकलकर अपने-अपने राज्यों में क्षेत्रीय पार्टियां बना लीं। दोनों सजातीय हैं और दोनों एक दूसरे के रिश्तेदार भी।
लालू यादव की तरह मुलायम सिंह यादव के परिवार में भी विरासत का झगड़ा कभी बहुत व्यापाक स्वरूप में पहुंचा। इतना बड़ा कि मुलायम सिंह यादव ने अपने पुत्र अखिलेश यादव को पार्टी से निकाल दिया।
बाद में अखिलेश के चाचा शिवपाल ने अलग पार्टी बनाई। अपेक्षित परिणाम न मिलने पर उन्होंने फिर सपा में वापसी की और 2024 के लोकसभा चुनाव में मिलकर भाजपा से मुकाबला किया।











