अजमेर के प्रतिष्ठित मयूर स्कूल में पढ़ने वाले एक बिजनेसमैन के 17 वर्षीय बेटे के साथ कथित रूप से उसके ही क्लासमेट्स द्वारा दो बार मारपीट और अश्लील हरकत किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र के परिजनों का दावा है कि इन घटनाओं के तीन वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें आरोपी छात्र उसे पीटते और उठक-बैठक करवाकर माफी मांगने को मजबूर करते दिखाई दे रहे हैं।
परिजनों ने गंभीर आरोप लगाया है कि बेटे को सोशल मीडिया के जरिए लगातार धमकियां मिल रही हैं। पीड़ित छात्र के चाचा ने बताया कि दो अलग-अलग थानों में FIR दर्ज करवाने के बावजूद आरोपी छात्रों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने कहा कि भतीजे के साथ पहली बार मारपीट 16 अक्तूबर को की गई थी, जिसकी FIR अलवर गेट थाने में दर्ज हुई। यह घटना राजा सर्किल के पास रेलवे पार्क की बताई गई है, जहां आरोपियों ने छात्र को पीटते हुए अश्लील वीडियो भी बनाए थे। दूसरी घटना 17 नवंबर की रात को हुई, जिसकी FIR सिविल लाइंस थाने में दर्ज करवाई गई।
ये भी पढ़ें- दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, कंटेनर पलटने के बाद लगी आग, चालक की जलकर मौत
आरोप है कि कबीर की थड़ी इलाके में चार छात्रों ने बेसबॉल बैट से पीड़ित पर हमला किया और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी। परिजनों का कहना है कि वीडियो बनाना और धमकियां देना उनके बच्चे पर मानसिक दबाव बनाने की कोशिश थी। चाचा ने यह भी आरोप लगाया कि FIR दर्ज होने के बाद वे चार बार स्कूल प्रिंसिपल से मिलने पहुंचे, मगर मुलाकात का समय तक नहीं दिया गया। उनका कहना है कि स्कूल प्रबंधन ने समय रहते आरोपी छात्रों पर कार्रवाई की होती, तो स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती। उन्होंने कहा कि वे अपने बच्चे की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं, क्योंकि स्कूल में भारी फीस देने के बावजूद सुरक्षित माहौल नहीं मिल पाया।











