बरेली में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में लापरवाही बरतने के आरोप में सुपरवाइजर ने बृहस्पतिवार को सहायक अध्यापक विवेक सौरभ (बीएलओ) के विरुद्ध बारादरी थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। यह कार्रवाई लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत हुई है।
सुपरवाइजर जयवीर सिंह ने तहरीर देकर बताया कि बिथरी चैनपुर ब्लॉक के गांव बेनीपुर सादात स्थित प्राथमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक श्यामगंज निवासी विवेक सौरभ लगातार निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरत रहे हैं। वह मौलाना आजाद इंटर कॉलेज स्थित बूथ-छह के बीएलओ हैं। निर्वाचन कार्य में लापरवाही पर उन्हें कई बार चेताया, पर कोई सुधार नहीं हुआ। इस संबंध में उन्होंने सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को भी रिपोर्ट की थी। अब रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: ‘एचआर से अश्लील बातें करता है पति, कई लड़कियों से संबंध’, विवाहिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट
डिजिटाइजेशन में फरीदपुर व कैंट विधानसभा फिसड्डी
एसआईआर अभियान में डीएम ने 99.99 फीसदी मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचाने का दावा किया है। जबकि, मतदाता गणना प्रपत्र नहीं मिलने की बात कह रहे हैं। कैंट विधानसभा क्षेत्र के सुभाषनगर के हरजीत सिंह उर्फ राजा सेठी का कहना है कि उनके वार्ड-21 में करीब 10 हजार मतदाता हैं। उन्हें गलत पते वाले गणना प्रपत्र बांटे जा रहे हैं। बीएलओ घर-घर न जाने के बजाय एक स्थान पर बैठकर प्रपत्र वितरण कर रहे हैं।










