केरल के सबरीमाला जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आ रही है, जहां नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सबरीमला जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक खास छूट दी है। इसके तहत अब तीर्थयात्री अपने इरुमुड़ी में रखे नारियल को हवाई जहाज के केबिन बैग में ले जा सकेंगे। सरकार ने बताया कि यह अनुमति तुरंत प्रभाव से लागू हो गई है। यह छूट मंडलम-मकरविलक्कु तीर्थयात्रा खत्म होने तक लागू रहेगी।
यह यात्रा लगभग दो महीने चलती है, मध्य नवंबर से मध्य जनवरी तक। बता दें कि इस पूरे मामले में विशेष जानकारी के लिए जारी की गई सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार सबरीमाला मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को मिलने वाली यह विशेष छूट तात्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
ये भी पढ़ें:- Karnataka: तकरार के बीच सुलह की कोशिशें तेज, CM सिद्धारमैया ने उपमुख्यमंत्री शिवकुमार को नाश्ते पर बुलाया
क्या होगा सुरक्षा जांच में?
सुरक्षा जांच की बात करें तो नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) के महानिदेशक राजेश निर्वाण ने बताया कि सुरक्षा जांच के दौरान नारियल को पहले एक्स-रे मशीन से गुजारा जाएगा, फिर एक्सप्लोसिव ट्रेस डिटेक्शन (ईटीडी) जांच की जाएगी और उसके बाद फिजिकल चेक किया जाएगा। इन सभी प्रक्रियाओं के पूरा होने पर ही नारियल को केबिन बैग में ले जाने की अनुमति मिलेगी। राजीव निर्वाण ने बताया कि यह पूरी प्रक्रिया सीआईएसएफ के एविएशन सुरक्षा समूह की कड़ी निगरानी में होगी।
ये भी पढ़ें:- ‘अर्थव्यवस्था को मृत बताने वाले लोग कहां हैं…’: BJP का राहुल पर पलटवार; कांग्रेस बोली- जीडीपी दरें टिकाऊ नहीं
अब समझिए ‘इरुमुड़ी’ में रखा नारियल क्या होता है?
गौरतलब है कि सबरीमला यात्रा में श्रद्धालु जो पवित्र थैली अपने सिर पर लेकर चलते हैं, उसे इरुमुड़ी कहा जाता है। इसमें भगवान अयप्पा को चढ़ाने वाली सामग्री रखी जाती है। इसी इरुमुड़ी में रखा नारियल विशेष पूजा का प्रमुख हिस्सा होता है और इसे भक्त मंदिर में अर्पित करते हैं।











